यूनाइटेड स्टेट्स के वीजा के आवेदन के लिए कुछ देशों को 15,000 US डॉलर तक के बॉन्ड जमा करने होते हैं। इस लिस्ट में अमेरिका ने 12 और देशों के नाम शामिल कर दिए हैं।

अमेरिकी विदेश विभाग के नए नियम इन 12 देशों पर 2 अप्रैल से प्रभावी होंगे। यह जानकारी बुधवार को विदेश विभाग की वेबसाइट पर जारी एक नोटिस के अनुसार है।

US Visa के लिए 15,000 USD

अमेरिकी विदेश विभाग का कहना है कि वह उन देशों की सूची में 12 और देशों को जोड़ रहा है, जिनके नागरिकों को US वीजा के लिए आवेदन करने हेतु USD 15,000 तक के बॉन्ड जमा करने होंगे।

इन 12 देशों की लिस्ट में कंबोडिया, इथियोपिया, जॉर्जिया, ग्रेनाडा, लेसोथो, मॉरीशस, मंगोलिया, मोजाम्बिक, निकारागुआ, पापुआ न्यू गिनी, सेशेल्स और ट्यूनीशिया का नाम शामिल है। इन देशों के पासपोर्ट धारकों को यह बॉन्ड जमा करना होगा।

अमेरिकी विदेश विभाग यह बॉन्ड तब वापस कर देगा, जब वीजा आवेदन अस्वीकार हो जाता है या यदि वीजा मिल जाता है, तो वह व्यक्ति वीजा की शर्तों का पालन करता है।

अमेरिकी वीजा के लिए बॉन्ड जमा करने वाले देशों की लिस्ट में 2 अप्रैल के बाद अब 50 देश शामिल हो जाएंगे। ट्रंप प्रशासन ने इस शर्त को पिछले साल लागू किया था। राष्ट्रपति ट्रंप ने बड़े पैमाने पर अवैध प्रवासन को रोकने की दिशा में यह कदम उठाया था।