दिव्यकीर्ति सम्पादक-दीपक पाण्डेय, समाचार सम्पादक-विनय मिश्रा, मप्र के सभी जिलों में सम्वाददाता की आवश्यकता है। हमसे जुडने के लिए सम्पर्क करें….. नम्बर-7000181525,7000189640 या लाग इन करें www.divyakirti.com ,

राम मंदिर चढ़ावा चोरी: चंपत राय से मुलाकात के बाद कृष्ण मोहन ने कार्यवाहक महासचिव पद संभाला

राम मंदिर चढ़ावा चोरीः चंपत राय से मुलाकात के बाद कृष्ण मोहन ने संभाली कार्यवाहक महासचिव की जिम्मेदारी

अयोध्या। अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में हाल ही में प्रशासनिक बदलाव के बाद कृष्ण मोहन ने कार्यवाहक महासचिव के रूप में जिम्मेदारी संभाल ली है। प्रशासनिक बदलाव ऐसे समय में हुए हैं जब राम मंदिर के चढ़ावा चोरी मामले ने सुर्खियां बटोरी हैं। पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद कृष्ण मोहन ने राम मंदिर परिसर का व्यापक निरीक्षण किया और श्रद्धालुओं की सुविधाओं, निर्माण कार्यों तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इससे पहले उन्होंने पूर्व महासचिव चंपत राय से लंबी और महत्वपूर्ण बातचीत की, जिसे प्रशासनिक बदलाव के संदर्भ में अहम माना जा रहा है।

संपर्क सूत्रों के अनुसार, कृष्ण मोहन और चंपत राय के बीच हुई बंद कमरे की मुलाकात में मंदिर के प्रशासनिक संचालन, निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति और चढ़ावे से जुड़ी हालिया घटनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। हालांकि इस बात को लेकर ट्रस्ट ने कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है, पर बातचीत महत्वपूर्ण थी। चंपत राय फिलहाल रामकोट में स्थित तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट कार्यालय में रहते हैं।

निर्माण कार्यों का निरीक्षण और गुणवत्ता पर जोर

कृष्ण मोहन ने मंदिर परिसर पहुंचे के बाद निर्माण कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने इंजीनियरों और अधिकारियों से निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता और समयसीमा से संबंधित जानकारी ली। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि सभी कार्य समय पर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे करें। ट्रस्ट का मानना है कि मंदिर निर्माण के अंतिम चरण में विशेष ध्यान गुणवत्ता और तत्परता दोनों पर दिया जाना चाहिए ताकि श्रद्धालुओं को विश्व स्तरीय अनुभव मिल सके।

श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था पर केंद्रित समीक्षा

निरीक्षण के दौरान उन्होंने दर्शन व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा प्रबंधन और सुविधाओं की समीक्षा भी की। कृष्ण मोहन ने कहा कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु राम मंदिर आते हैं, इसलिए व्यवस्थाओं को और अधिक सुव्यवस्थित और सहज बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। ट्रस्ट ने संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में श्रद्धालुओं की सुविधा और प्रशासनिक प्रक्रियाओं में सुधार के लिए कई कदम उठाए जाएंगे।

चढ़ावा चोरी मामले के कारण हुए प्रशासनिक बदलाव

चढ़ावा चोरी के विवाद के बाद ट्रस्ट में महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव हुए हैं। पूर्व महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा ने नैतिक जिम्मेदारी लेकर इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद नई अंतरिम व्यवस्था के तहत कृष्ण मोहन को कार्यवाहक महासचिव नियुक्त किया गया।

चंपत राय ने हाल ही में एक पत्र जारी किया था जिसमें उन्होंने चढ़ावा गणना प्रक्रिया के संबंध में अपनी आपत्तियां दर्ज कराई हैं। उन्होंने 6 फरवरी 2025 के दिशा-निर्देशों से असंतोष जताया था और गणना प्रक्रिया में हुए बदलावों को लेकर सवाल उठाए थे। पत्र में उन्होंने भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) और ट्रस्ट सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा की भूमिका का भी उल्लेख किया था एवं एसआईटी जांच में इस बयान को शामिल करने का अनुरोध किया था।

फिलहाल इस मामले की जांच विशेष जांच दल (एसआईटी) कर रहा है। ट्रस्ट एवं एसआईटी की ओर से चंपत राय के पत्र या हालिया मुलाकात पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। देशभर की नजरें अब जांच की अगली रिपोर्ट और ट्रस्ट की आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।

Source

Divya Kirti
Author: Divya Kirti

ये भी पढ़ें...

error: Content is protected !!