दिव्यकीर्ति सम्पादक-दीपक पाण्डेय, समाचार सम्पादक-विनय मिश्रा, मप्र के सभी जिलों में सम्वाददाता की आवश्यकता है। हमसे जुडने के लिए सम्पर्क करें….. नम्बर-7000181525,7000189640 या लाग इन करें www.divyakirti.com ,

देवरिया में पुलिस मुठभेड़, 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार; पैर में गोली लगने के बाद अस्पताल में भर्ती

देवरिया, उत्तर प्रदेश

देवरिया जिले में पुलिस को गुरुवार देर रात बड़ी सफलता मिली, जब गोवध मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश अजहर अंसारी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लग गई।

जानकारी के अनुसार, भाटपाररानी थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध युवक बाइक से इलाके से गुजरने वाला है। इसके बाद चनुकी मोड़ पर वाहन जांच अभियान चलाया गया। पुलिस ने जब संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया तो वह तेज रफ्तार से फरार हो गया।

इसके बाद सूचना लार थाना पुलिस को दी गई। दोनों थानों की संयुक्त टीम ने खरवनिया मोड़ के पास घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, सामने पुलिस को देखकर आरोपी ने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ने से वह सड़क पर गिर गया।

पुलिस का आरोप है कि गिरने के बाद आरोपी ने तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा के तहत फायरिंग की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज देवरिया भेज दिया।

पूछताछ में उसकी पहचान अजहर अंसारी पुत्र अहमद अंसारी निवासी मटियरा जगदीश, थाना लार के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ भाटपाररानी थाने में गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज था। गिरफ्तारी नहीं होने पर उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

मौके से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने के आरोप में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराओं में नया मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Divya Kirti
Author: Divya Kirti

ये भी पढ़ें...

error: Content is protected !!