दिव्यकीर्ति सम्पादक-दीपक पाण्डेय, समाचार सम्पादक-विनय मिश्रा, मप्र के सभी जिलों में सम्वाददाता की आवश्यकता है। हमसे जुडने के लिए सम्पर्क करें….. नम्बर-7000181525,7000189640 या लाग इन करें www.divyakirti.com ,

संगम विहार में पति की हत्या का खुलासा, पत्नी पर प्रेमी के साथ मिलकर वारदात कराने का आरोप

नई दिल्ली, दिल्ली

दिल्ली के संगम विहार इलाके में 55 वर्षीय मुन्ना लाल की हत्या के मामले में पुलिस ने उनकी पत्नी समेत तीन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक, पत्नी मंजू उर्फ नाजिया ने कथित तौर पर अपने प्रेमी चमन के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। मामले में मंजू और चमन को गिरफ्तार किया गया है, जबकि चमन के दोस्त किशन को आरोपितों को छिपाने में मदद करने के आरोप में हिरासत में लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, हत्या की वजह संपत्ति पर कब्जे की साजिश बताई जा रही है। आरोप है कि मंजू और चमन ने मुन्ना लाल को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। चमन को कथित तौर पर पांच लाख रुपये देने का वादा किया गया था और हत्या की रात 20 हजार रुपये एडवांस दिए गए थे।

घटना के बाद मंजू ने पुलिस को घर में चोरी होने की जानकारी दी। सोमवार तड़के पुलिस को रतिया मार्ग पर मुन्ना लाल के खून से लथपथ पड़े होने की सूचना मिली। उन्हें एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

जांच में पुलिस को सीसीटीवी फुटेज से महत्वपूर्ण सुराग मिला। फुटेज में एक नकाबपोश व्यक्ति रात करीब 1:45 बजे घर में प्रवेश करता और करीब 3:15 बजे बाहर निकलता दिखाई दिया। जांच के बाद उसकी पहचान चमन के रूप में हुई।

इसके बाद पुलिस ने मंजू की कॉल डिटेल की जांच की। पुलिस के मुताबिक, वारदात वाली रात चमन ने मंजू को 65 बार फोन किया था। इस आधार पर पूछताछ की गई तो पुलिस को हत्या की साजिश की जानकारी मिली।

पुलिस के अनुसार, चमन ने नींद की गोलियां उपलब्ध कराई थीं। इन्हें मुन्ना लाल के खाने में मिलाकर दिया गया। आरोप है कि गहरी नींद में जाने के बाद उन पर हमला किया गया। पुलिस का कहना है कि हत्या में रस्सी और बिजली के करंट का भी इस्तेमाल किया गया।

मुन्ना लाल प्रॉपर्टी का काम करते थे। मंजू से उनके विवाह को 22 साल हुए थे और दोनों के तीन बच्चे हैं। पुलिस के अनुसार, चमन पास की दुकान में काम करता था और इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकी बढ़ी।

पुलिस ने आरोपितों के पास से 15 हजार रुपये बरामद किए हैं और मामले की जांच जारी है।

Divya Kirti
Author: Divya Kirti

ये भी पढ़ें...

error: Content is protected !!