दिव्यकीर्ति सम्पादक-दीपक पाण्डेय, समाचार सम्पादक-विनय मिश्रा, मप्र के सभी जिलों में सम्वाददाता की आवश्यकता है। हमसे जुडने के लिए सम्पर्क करें….. नम्बर-7000181525,7000189640 या लाग इन करें www.divyakirti.com ,

फिजी से अमेरिका तक तिरंगे का सफर, 54 देशों में गूंजा भारत का स्वतंत्रता दिवस; सैन फ्रांसिस्को में हुआ समापन

नई दिल्ली, दिल्ली

भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित ‘सूर्यपथ तिरंगा ग्लोबल रिले’ ने दुनिया भर में भारत की एकता, स्वतंत्रता और राष्ट्रीय गौरव का संदेश पहुंचाया। फिजी से शुरू हुई यह अनूठी तिरंगा यात्रा 54 देशों और कई टाइम जोन से होकर गुजरी और अंत में अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में पूरी हुई। विदेश मंत्रालय ने शनिवार को अभियान के सफल समापन की जानकारी दी।

इस पहल में तिरंगे को पूरब से पश्चिम की ओर प्रतीकात्मक रूप से ले जाया गया। इसका संबंध उगते सूरज की यात्रा से जोड़ा गया। अलग-अलग टाइम जोन में मौजूद भारतीय दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों में क्रमशः तिरंगा फहराया गया। इस तरह स्वतंत्रता दिवस का उत्सव एक देश तक सीमित न रहकर दुनिया के कई हिस्सों में लगातार चलता रहा।

यात्रा की शुरुआत फिजी में भारतीय समयानुसार रात करीब 1:30 बजे हुई। वहां से तिरंगा न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया पहुंचा। इसके बाद जापान, दक्षिण कोरिया, चीन, इंडोनेशिया, वियतनाम, सिंगापुर, मलेशिया, थाईलैंड और म्यांमार समेत एशिया के कई देशों में भारतीय मिशनों ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

दक्षिण एशिया में बांग्लादेश, नेपाल, श्रीलंका और मालदीव में भी स्वतंत्रता दिवस समारोहों के दौरान तिरंगा फहराया गया। इसके बाद यात्रा उज्बेकिस्तान, ओमान, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, कुवैत और सऊदी अरब तक पहुंची।

अफ्रीका में इथियोपिया, रूस, केन्या, इजरायल, मिस्र और दक्षिण अफ्रीका स्थित भारतीय मिशनों ने अभियान में भागीदारी की। यूरोप में लातविया, जर्मनी, इटली, बेल्जियम, नीदरलैंड, फ्रांस, ब्रिटेन, स्पेन, मोरक्को और आइसलैंड में भी भारतीय ध्वज फहराया गया।

अमेरिका महाद्वीप में भी इस अभियान का विस्तार हुआ। ब्राजील, सूरीनाम, गुयाना, अर्जेंटीना, त्रिनिदाद और टोबैगो, डोमिनिकन रिपब्लिक, कोलंबिया, कनाडा, जमैका, अमेरिका, पेरू और मेक्सिको में भारतीय मिशनों ने तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता दिवस मनाया।

बीजिंग में बारिश के बावजूद भारतीय समुदाय के सदस्यों की मौजूदगी में भारतीय राजदूत विक्रम दोराईस्वामी ने दूतावास में तिरंगा फहराया। उन्होंने राष्ट्रपति के संबोधन के कुछ अंश भी पढ़कर सुनाए। टोक्यो में भारतीय राजदूत नगमा मलिक ने दूतावास में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और राष्ट्रपति का संबोधन पढ़कर सुनाया।

संस्कृति मंत्रालय के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य अलग-अलग टाइम जोन में रहने वाले भारतीय समुदाय और भारतीय मिशनों की भागीदारी के जरिए स्वतंत्रता दिवस के साझा और लगातार चलने वाले उत्सव का अहसास पैदा करना था।

यह अभियान ‘हर घर तिरंगा’ पहल का हिस्सा था। इसके जरिए भारतीय स्वतंत्रता के साथ-साथ साझा विरासत, राष्ट्रीय एकता और गौरव का संदेश दुनिया तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

सैन फ्रांसिस्को में भारतीय वाणिज्य दूतावास द्वारा तिरंगा फहराए जाने के साथ ‘सूर्यपथ तिरंगा ग्लोबल रिले’ का समापन हुआ। इस तरह फिजी से शुरू हुई तिरंगे की यात्रा अमेरिका तक पहुंचकर पूरी हुई और स्वतंत्रता दिवस का संदेश दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में एक साथ गूंजा।

ये भी पढ़ें...

error: Content is protected !!