दिव्यकीर्ति सम्पादक-दीपक पाण्डेय, समाचार सम्पादक-विनय मिश्रा, मप्र के सभी जिलों में सम्वाददाता की आवश्यकता है। हमसे जुडने के लिए सम्पर्क करें….. नम्बर-7000181525,7000189640 या लाग इन करें www.divyakirti.com ,

डिजिटल अरेस्ट ठगी का बड़ा खुलासा, बिहटा से एक आरोपित गिरफ्तार; म्यूल अकाउंट में 1.5 करोड़ का लेन-देन

पटना, बिहार

 

बिहार में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान पटना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। डिजिटल अरेस्ट के नाम पर देशभर में ठगी करने वाले साइबर अपराधियों से जुड़े एक आरोपित को बिहटा से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की जांच में उसके बैंक खाते से करीब 1.5 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेन-देन का पता चला है।

गिरफ्तार आरोपित की पहचान बिहटा के एसएस कॉलोनी निवासी कुमार आर्यन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उसका बैंक खाता साइबर ठगों के लिए म्यूल अकाउंट के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा था। ऐसे खातों का इस्तेमाल आम तौर पर साइबर ठगी से हासिल रकम को एक जगह से दूसरी जगह भेजने और उसके स्रोत को छिपाने के लिए किया जाता है।

पुलिस को यह कार्रवाई नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल यानी एनसीआरपी पर मिली संदिग्ध लेन-देन की शिकायतों के आधार पर करनी पड़ी। शिकायतों की जांच के दौरान संबंधित बैंक खाते में बड़ी रकम के लेन-देन का पता चला। इसके बाद पुलिस ने खाते और उससे जुड़े वित्तीय लेन-देन की विस्तृत जांच शुरू की।

तकनीकी और वित्तीय साक्ष्य जुटाने के बाद बिहटा थाने में मामला दर्ज किया गया। पूछताछ में आरोपित के कथित तौर पर ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म, एक्सचेंज एप, फेसबुक, टेलीग्राम और अन्य डिजिटल माध्यमों के जरिए साइबर ठगों के संपर्क में रहने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि म्यूल अकाउंट के जरिए रकम किन-किन खातों में भेजी गई और इस पूरे नेटवर्क में और कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों को उम्मीद है कि आरोपित से पूछताछ के आधार पर अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।

ये भी पढ़ें...

error: Content is protected !!