दिव्यकीर्ति सम्पादक-दीपक पाण्डेय, समाचार सम्पादक-विनय मिश्रा, मप्र के सभी जिलों में सम्वाददाता की आवश्यकता है। हमसे जुडने के लिए सम्पर्क करें….. नम्बर-7000181525,7000189640 या लाग इन करें www.divyakirti.com ,

अरब सागर की 600 मीटर गहराई में मिली स्केट मछली की नई प्रजाति, चार दशक बाद वैज्ञानिकों ने खोला राज

कोच्चि, केरल

भारतीय वैज्ञानिकों ने समुद्री जैव-विविधता के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण खोज की है। भारतीय प्राणी सर्वेक्षण (जेडएसआइ) के वैज्ञानिकों ने आइसीएआर-केंद्रीय समुद्री मत्स्य अनुसंधान संस्थान और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों के सहयोग से अरब सागर की गहराइयों में पाई जाने वाली स्केट मछली की एक नई प्रजाति की पहचान की है। नई प्रजाति को डिप्टुरस धृतिया (Dipturus dhritiae) नाम दिया गया है।

इस प्रजाति के नमूने केरल तट और वेज बैंक क्षेत्र के पास 400 से 600 मीटर की गहराई में पाए गए। वैज्ञानिकों के अनुसार इसकी अधिकतम ज्ञात लंबाई 131.5 सेंटीमीटर तक है। इसकी पूंछ पर कांटों की पांच स्पष्ट कतारें इसे पहचानने में मदद करती हैं।

गहरे महासागर मिशन के दौरान हुई खोज

जेडएसआइ के मुताबिक यह खोज पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के महत्वाकांक्षी गहरे महासागर मिशन के तहत चल रही ‘भारत के गहरे समुद्री कान्ड्रिक्थियंस : वर्गीकरण, वितरण, जीव विज्ञान और वर्तमान स्थिति’ परियोजना के अंतर्गत किए गए समुद्री सर्वेक्षण के दौरान हुई।

इस अध्ययन का उद्देश्य भारत के गहरे समुद्री क्षेत्र में पाई जाने वाली शार्क, रे और स्केट जैसी उपास्थियुक्त मछलियों की प्रजातियों की पहचान, उनके वितरण, जीव विज्ञान और वर्तमान स्थिति को समझना है।

नई प्रजाति की पहचान में वैज्ञानिकों ने आनुवंशिक तकनीक का भी इस्तेमाल किया। इसके संपूर्ण माइटोकॉन्ड्रियल जीनोम का अनुक्रमण किया गया। अध्ययन से पता चला कि डिप्टुरस धृतिया अपने निकट संबंधी ट्रावनकोर स्केट यानी डिप्टुरस जोहानिसडेविसी से आनुवंशिक रूप से अलग है।

दोनों के बीच आनुवंशिक अनुक्रम में 3.8 से 4.7 प्रतिशत तक अंतर पाया गया। वैज्ञानिकों ने शारीरिक विशेषताओं और आनुवंशिक प्रमाणों को मिलाकर नई प्रजाति की पहचान की।

चार दशक तक बनी रही पहचान की उलझन

इस खोज की सबसे खास बात यह है कि डिप्टुरस धृतिया को चार दशक से अधिक समय तक दूसरी प्रजाति डिप्टुरस स्प्रिंगेरी समझा जाता रहा। इस दौरान यह गहरे समुद्र में झींगा पकड़ने वाले व्यावसायिक ट्रालरों के जाल में अनजाने में भी पकड़ी जाती रही।

वैज्ञानिकों का कहना है कि किसी समुद्री प्रजाति की सही पहचान केवल वैज्ञानिक दृष्टि से ही महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि उसके संरक्षण के लिए भी जरूरी है। गहरे समुद्र में रहने वाली शार्क, रे और स्केट प्रजातियां अत्यधिक दोहन के प्रति संवेदनशील होती हैं। इनका प्रजनन अपेक्षाकृत कम होता है और इनकी आबादी को दोबारा सामान्य होने में लंबा समय लग सकता है।

डॉ. धृति बनर्जी के नाम पर प्रजाति

नई प्रजाति का नाम जेडएसआइ की पहली महिला निदेशक डॉ. धृति बनर्जी के सम्मान में रखा गया है। उन्होंने कहा कि गहरे समुद्र का बड़ा हिस्सा अब भी वैज्ञानिक खोज से अछूता है। ऐसे में हर समुद्री सर्वेक्षण समुद्री जैव-विविधता को समझने का नया अवसर प्रदान करता है।

शोध दल में जेडएसआइ के डॉ. केके बिनीश और अनिल कासीनाथ, आइसीएआर-केंद्रीय समुद्री मत्स्य अनुसंधान संस्थान के अखिलेश केवी और अमेरिका के डॉ. डेविड ए. एबर्ट शामिल रहे।

इसी अभियान के दौरान शोधकर्ताओं ने भारत के विशेष आर्थिक क्षेत्र में कोल्लम स्लोप महत्वपूर्ण शार्क एवं रे क्षेत्र की पहचान और मानचित्रण भी किया है। जेडएसआइ के अनुसार गहरे महासागर मिशन के तहत भारतीय समुद्री क्षेत्र में शार्क, रे और स्केट की प्रजातियों पर वर्गीकरण और आनुवंशिक अध्ययन आगे भी जारी रहेंगे।

ये भी पढ़ें...

error: Content is protected !!