दिव्यकीर्ति सम्पादक-दीपक पाण्डेय, समाचार सम्पादक-विनय मिश्रा, मप्र के सभी जिलों में सम्वाददाता की आवश्यकता है। हमसे जुडने के लिए सम्पर्क करें….. नम्बर-7000181525,7000189640 या लाग इन करें www.divyakirti.com ,

पंजाब सरकार का बड़ा दावा: विदेशों से 12 से ज्यादा गैंगस्टर वापस, लॉरेंस बिश्नोई के करीबी भी कार्रवाई की जद में

चंडीगढ़, पंजाब

 

पंजाब में नशों और गैंगस्टरवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच आम आदमी पार्टी की सरकार ने विदेशों में छिपे अपराधियों पर बड़ी कार्रवाई का दावा किया है। आप पंजाब के मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने मंगलवार को कहा कि पंजाब पुलिस अब तक एक दर्जन से ज्यादा गैंगस्टरों को विदेशों से वापस ला चुकी है।

बलतेज पन्नू ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार ने सत्ता में आने के बाद नशों और संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई को प्राथमिकता दी। उनके मुताबिक पंजाब पुलिस को आधुनिक तकनीक और उन्नत उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। इससे विदेशों में छिपे गैंगस्टरों की निगरानी और उनके खिलाफ कार्रवाई का दायरा बढ़ा है।

उन्होंने बताया कि अमेरिका, दुबई, मलेशिया और मोल्दोवा समेत अलग-अलग देशों से गैंगस्टरों को वापस लाया गया है। इनमें सचिन बिश्नोई, मनप्रीत सिंह उर्फ पीता, रमनजीत सिंह उर्फ रोमी, परमिंदर सिंह उर्फ पिंडी, अनमोल बिश्नोई, अमृतपाल उर्फ मेहरो, गुरविंदर सिंह और जोबनदीप सिंह उर्फ जोबन बिल्ला शामिल हैं।

बलतेज पन्नू के अनुसार अनमोल बिश्नोई को अमेरिका से वापस लाया गया। वहीं अमृतपाल उर्फ मेहरो को दुबई और गुरविंदर सिंह को मलेशिया से वापस लाया गया। उन्होंने बताया कि हाल ही में एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स की टीम अमृतपाल उर्फ अमृत ढल्लम को मोल्दोवा से वापस लाई।

उन्होंने लॉरेंस बिश्नोई के करीबी बताए जा रहे करमवीर सिंह उर्फ करमवीर देव का भी उल्लेख किया। बलतेज पन्नू ने कहा कि करमवीर देव को कनाडा से डिपोर्ट किया गया है। दिल्ली एयरपोर्ट पर गिरफ्तारी के बाद एजीटीएफ टीम उसे पंजाब लेकर जा रही है।

बलतेज पन्नू ने कहा कि पंजाब में आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने के बाद विदेश भाग जाना अब कानून से बचने का रास्ता नहीं है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब पुलिस विदेशों में छिपे ऐसे अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने पिछली सरकारों पर भी निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि 2007 से 2017 के बीच पंजाब में गैंगस्टरवाद बढ़ा और बाद की कांग्रेस सरकार के दौरान भी आपराधिक नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

वहीं मौजूदा सरकार की कार्रवाई का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस को आधुनिक बनाया गया है। जवानों को एडवांस तकनीक और बेहतर उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं।

बलतेज पन्नू ने कहा कि सरकार का लक्ष्य पंजाब में सक्रिय आपराधिक नेटवर्क को खत्म करना है। उन्होंने कहा कि विदेशों में मौजूद गैंगस्टरों के खिलाफ भी कार्रवाई जारी रहेगी और उन्हें कानून के दायरे में लाने के प्रयास किए जाएंगे।

पंजाब सरकार के अनुसार नशों और गैंगस्टरवाद के खिलाफ अभियान को आगे भी जारी रखा जाएगा। विदेशों से गैंगस्टरों की वापसी को इसी व्यापक अभियान की अहम कड़ी बताया गया है।

ये भी पढ़ें...

error: Content is protected !!