दिव्यकीर्ति सम्पादक-दीपक पाण्डेय, समाचार सम्पादक-विनय मिश्रा, मप्र के सभी जिलों में सम्वाददाता की आवश्यकता है। हमसे जुडने के लिए सम्पर्क करें….. नम्बर-7000181525,7000189640 या लाग इन करें www.divyakirti.com ,

उज्जैन में युवा धर्म संसद के समापन पर CM मोहन यादव बोले- युवाओं के भरोसे ही आएगा रामराज

उज्जैन, मध्य प्रदेश। उज्जैन में आयोजित तीन दिवसीय युवा धर्म संसद के समापन सत्र में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने युवाओं को देश के भविष्य की सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि युवाओं के भरोसे ही देश में रामराज का सपना साकार होगा। मुख्यमंत्री ने युवाओं को आत्मविश्वास, स्पष्ट लक्ष्य और संघर्ष के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

सेवाज्ञ संस्थानम् की ओर से आयोजित युवा धर्म संसद के समापन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान रामायण के एक प्रसंग का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि महर्षि विश्वामित्र ने राजा दशरथ से बड़ी सेना मांगने के बजाय केवल दो युवाओं श्रीराम और लक्ष्मण पर भरोसा जताया था।

डॉ. यादव ने कहा कि उन्हें भी देश के युवाओं पर पूरा विश्वास है। उन्होंने कहा कि आज भी यह वही भारत है, जिसके युवाओं पर ऋषि-मुनियों को हमेशा विश्वास रहा है।

आत्मविश्वास और लक्ष्य को बताया जरूरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन में सफलता बिना संघर्ष के हासिल नहीं होती। चुनौतियां और परेशानियां ही व्यक्ति को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने युवाओं से कहा कि यदि उनके पास अदम्य आत्मविश्वास और स्पष्ट लक्ष्य है तो संसाधनों का अभाव भी उनकी सफलता के रास्ते में बड़ी बाधा नहीं बन सकता।

भगवान श्रीराम के जीवन का उदाहरण देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने भी विपरीत परिस्थितियों में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़कर इतिहास रचा। उन्होंने युवाओं से मुश्किल समय में धैर्य बनाए रखने और अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की।

युवाओं की भूमिका पर जोर

डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जब देश का युवा धर्म और संस्कृति से जुड़े मंच पर एकत्र होता है तो यह गर्व की बात है। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण और देश की प्रगति में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री ने 21वीं सदी को भारत की सदी बनाने की दिशा में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग देशहित में करने का आह्वान किया।

युवा धर्म संसद के तीन दिवसीय आयोजन में धर्म, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। समापन समारोह के दौरान अगली युवा धर्म संसद के आयोजन की घोषणा भी की गई। अगली युवा धर्म संसद 2027 में द्वारका में आयोजित की जाएगी।

ये भी पढ़ें...

error: Content is protected !!