दिव्यकीर्ति सम्पादक-दीपक पाण्डेय, समाचार सम्पादक-विनय मिश्रा, मप्र के सभी जिलों में सम्वाददाता की आवश्यकता है। हमसे जुडने के लिए सम्पर्क करें….. नम्बर-7000181525,7000189640 या लाग इन करें www.divyakirti.com ,

ईरान में बिगड़ते हालात के बीच अमेरिका का बड़ा अलर्ट, नागरिकों से कहा- तुरंत निकलें; सैन्य टकराव बढ़ने का खतरा

वॉशिंगटन, अमेरिका

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका ने ईरान को लेकर अपने नागरिकों के लिए नई सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। अमेरिकी प्रशासन ने अपने नागरिकों से स्पष्ट तौर पर कहा है कि वे किसी भी कारण से ईरान की यात्रा न करें। साथ ही, जो अमेरिकी नागरिक फिलहाल ईरान में मौजूद हैं, उन्हें जल्द से जल्द देश छोड़ने की सलाह दी गई है।

ईरान में अमेरिकी वर्चुअल दूतावास की ओर से जारी सुरक्षा अलर्ट में क्षेत्र की मौजूदा सुरक्षा स्थिति को जटिल बताया गया है। अमेरिका ने कहा है कि तनाव बढ़ने की स्थिति में उड़ानें रद्द हो सकती हैं, एयरस्पेस बंद हो सकता है और परिवहन व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। इसके अलावा, ईरान की जमीनी सीमाओं पर प्रवेश और निकासी से जुड़े नियम बिना किसी पूर्व सूचना के बदल सकते हैं।

अमेरिकी मिशन ने ईरान में मौजूद नागरिकों से एयरपोर्ट, एयरलाइन और बॉर्डर क्रॉसिंग से जुड़ी गतिविधियों पर लगातार नजर रखने को कहा है। नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे किसी दूसरे देश जाने की स्थिति में वहां प्रवेश से जुड़े नियमों और आवश्यकताओं की पहले से जानकारी हासिल कर लें।

हूती गतिविधियों को लेकर भी चेतावनी

अमेरिकी एडवाइजरी में ईरान समर्थित हूती समूहों की गतिविधियों का भी उल्लेख किया गया है। अमेरिका के मुताबिक, हूती समूहों ने सऊदी अरब के खिलाफ हमले किए हैं, जिनमें नागरिकों से जुड़े स्थान और एयरपोर्ट भी शामिल रहे हैं। अमेरिकी प्रशासन ने चेतावनी दी कि मौजूदा सैन्य टकराव के तेजी से बढ़ने की आशंका है।

अलर्ट में विदेशों में अमेरिकी राजनयिक ठिकानों और अन्य अमेरिकी हितों को लेकर भी सावधानी बरतने को कहा गया है। अमेरिका का कहना है कि ईरान या उसके समर्थन वाले समूह विदेशों में अमेरिकी हितों, व्यवसायों और संस्थानों को निशाना बना सकते हैं।

प्रदर्शन और भीड़ से दूर रहने की अपील

अमेरिकी नागरिकों को प्रदर्शन, बड़ी भीड़ और भारी पुलिस मौजूदगी वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी गई है। साथ ही, अमेरिका से सार्वजनिक रूप से जुड़े होने को अनावश्यक रूप से उजागर न करने को कहा गया है।

हवाई हमले की स्थिति में नागरिकों को खिड़कियों और कांच के दरवाजों से दूर रहने तथा गिरने वाले मलबे से बचने के लिए सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है। उन्हें स्थानीय और अमेरिकी अधिकारियों की ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखने को भी कहा गया है।

अमेरिकी विदेश विभाग ने नागरिकों से स्मार्ट ट्रैवलर एनरोलमेंट प्रोग्राम यानी STEP में पंजीकरण कराने की अपील की है। इससे सुरक्षा अपडेट प्राप्त करने और आपात स्थिति में अमेरिकी राजनयिक अधिकारियों से संपर्क करने में मदद मिल सकती है।

अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच जारी यह चेतावनी पश्चिम एशिया की तेजी से बदलती सुरक्षा स्थिति को लेकर अमेरिकी प्रशासन की चिंता को सामने लाती है। यदि क्षेत्र में सैन्य गतिविधियां और बढ़ती हैं, तो इसका असर हवाई यातायात, सीमा आवाजाही और क्षेत्रीय सुरक्षा पर पड़ सकता है।

ये भी पढ़ें...

error: Content is protected !!