दिव्यकीर्ति सम्पादक-दीपक पाण्डेय, समाचार सम्पादक-विनय मिश्रा, मप्र के सभी जिलों में सम्वाददाता की आवश्यकता है। हमसे जुडने के लिए सम्पर्क करें….. नम्बर-7000181525,7000189640 या लाग इन करें www.divyakirti.com ,

DMK का 24 घंटे में यू-टर्न, राहुल गांधी के प्रदर्शन का समर्थन; कल उठाए थे सवाल

चेन्नई, तमिलनाडु

तमिलनाडु की राजनीति में कांग्रेस और DMK के रिश्तों के बीच बुधवार को एक अहम घटनाक्रम सामने आया। DMK ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को लेकर महज 24 घंटे में अपना रुख बदल दिया। मंगलवार को पार्टी ने तमिलनाडु में मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के मुद्दे पर राहुल गांधी की चुप्पी पर सवाल उठाए थे। बुधवार को वही पार्टी राहुल गांधी के नेतृत्व में चुनाव आयोग के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शन के समर्थन में उतर आई।

मंगलवार को DMK प्रवक्ता सरवनन अन्नादुरई ने सोशल मीडिया पर राहुल गांधी को लेकर सवाल खड़े किए थे। उन्होंने कहा था कि तमिलनाडु में विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR प्रक्रिया के दौरान कथित तौर पर बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए हैं। ऐसे गंभीर मुद्दे पर राहुल गांधी की चुप्पी को लेकर उन्होंने सवाल किया था। उन्होंने यह भी पूछा था कि इस मामले में राहुल गांधी का रुख अलग क्यों दिखाई दे रहा है।

इस नाराजगी का असर विपक्षी गठबंधन की गतिविधियों पर भी दिखाई दिया था। DMK ने उस बैठक से दूरी बनाई थी, जिसमें चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देशव्यापी विरोध प्रदर्शन की रणनीति तैयार की जानी थी।

लेकिन बुधवार को पार्टी का रुख बदल गया। DMK के मुख्य प्रवक्ता टी.के.एस. इलंगोवन ने राहुल गांधी और विपक्षी दलों के प्रदर्शन का जोरदार समर्थन किया। उन्होंने कहा कि यदि मुख्य चुनाव आयुक्त जैसे महत्वपूर्ण पद पर बैठे व्यक्ति का रवैया अलोकतांत्रिक होगा, तो चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल उठेंगे। उन्होंने ज्ञानेश कुमार को पद से हटाए जाने की मांग का समर्थन किया।

राहुल गांधी के नेतृत्व में मंगलवार को विपक्षी दलों ने संसद से चुनाव आयोग के कार्यालय तक मार्च निकाला था। प्रदर्शन का मुख्य मुद्दा मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान को रद्द करना और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाना था।

DMK और कांग्रेस के रिश्तों में पहले से तनाव है। 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद दोनों दलों के बीच दशकों पुराना गठबंधन टूट गया। कांग्रेस ने अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके को समर्थन दिया था। इसके बाद दोनों दलों के बीच राजनीतिक तल्खी और बढ़ गई।

ऐसे समय में DMK का राहुल गांधी के प्रदर्शन का समर्थन करना राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एक दिन पहले राहुल गांधी पर सवाल उठाने और अगले ही दिन उनके समर्थन में खड़े होने से DMK के बदले रुख ने तमिलनाडु की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है।

ये भी पढ़ें...

error: Content is protected !!