दिव्यकीर्ति सम्पादक-दीपक पाण्डेय, समाचार सम्पादक-विनय मिश्रा, मप्र के सभी जिलों में सम्वाददाता की आवश्यकता है। हमसे जुडने के लिए सम्पर्क करें….. नम्बर-7000181525,7000189640 या लाग इन करें www.divyakirti.com ,

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को मिली मजबूती, ‘आप’ महिला विंग की प्रमुख एवं बीएसपी नेता समेत कई अन्य दिग्गज हुए शामिल

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को मिली मजबूती, 'आप' महिला विंग की प्रमुख एवं बीएसपी नेता समेत कई अन्य दिग्गज हुए शामिल

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी को एक नया राजनीतिक ताकत मिला है। गुरुवार को दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में कई बड़े नेता और समाजसेवी कांग्रेस में शामिल हुए। पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने समारोह में इन्हें औपचारिक रूप से सदस्यता प्रदान की।

इस अवसर पर सबसे बड़ा नाम आम आदमी पार्टी (आप) की महिला विंग की उत्तर प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य नीलम यादव का रहा, जिन्होंने लंबे समय तक ‘आप’ के महिला संगठन का नेतृत्व किया था। इसके अलावा गाजियाबाद से बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) के पूर्व उम्मीदवार परमानंद गर्ग, भारत सरकार के पूर्व अधिकारी दुर्गा प्रसाद और बिजनौर के नूरपुर से बुनकर समुदाय के प्रमुख प्रतिनिधि एवं समाजसेवी हाजी इमामुद्दीन अंसारी भी कांग्रेस में शामिल हुए।

कांग्रेस पार्टी के लिए यह बड़ी सफलता मानी जा रही है क्योंकि नए शामिल हुए नेताओं के आने से उत्तर प्रदेश में संगठनात्मक मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। विशेष रूप से नीलम यादव के कांग्रेस में आने से महिला मतदाता वर्ग और शहरी संगठन को मजबूती मिलेगी जबकि परमानंद गर्ग और हाजी इमामुद्दीन अंसारी के जुड़ने से वैश्य और बुनकर समुदायों में पार्टी की पकड़ और प्रभाव बढ़ेगा।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि लोग लगातार बड़ी संख्या में कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं क्योंकि वे भाजपा के ‘कुशासन’ से तंग आ चुके हैं। उन्होंने बताया कि महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार की वजह से आम जनता परेशान है और वे कांग्रेस को एक विकल्प के रूप में देख रही है।

गौतम ने कहा कि देश के लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए वर्तमान में कांग्रेस ही एकमात्र पार्टी है जो मुख्य रूप से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन के साथ मिलकर लड़ रही है। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान समय ‘तानाशाही और अघोषित इमरजेंसी’ जैसी स्थिति से जूझ रहा है।

उन्होंने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे लोगों का हवाला देते हुए केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के लिए 10 दिन पहले आवेदन जमा करने का पुलिस का नया नियम नागरिकों के अभिव्यक्ति और सामाजिक अधिकारों का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि सरकार लोकतांत्रिक आवाजों को दबाने की कोशिश कर रही है।

Source

ये भी पढ़ें...

error: Content is protected !!