दिव्यकीर्ति सम्पादक-दीपक पाण्डेय, समाचार सम्पादक-विनय मिश्रा, मप्र के सभी जिलों में सम्वाददाता की आवश्यकता है। हमसे जुडने के लिए सम्पर्क करें….. नम्बर-7000181525,7000189640 या लाग इन करें www.divyakirti.com ,

अमेरिका के फ्लोरिडा में बड़ा विमान हादसा, सड़क के पास गिरा लियरजेट 60; विमान में सवार सभी 9 लोगों की मौत

अमेरिका के फ्लोरिडा में रविवार को एक दर्दनाक विमान दुर्घटना हुई। टेक्सास से बहामास जा रहा नौ लोगों को लेकर उड़ रहा बिजनेस जेट एक व्यस्त सड़क के पास अचानक नीचे गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। जमीन से टकराने के बाद विमान में भीषण आग लग गई और घटनास्थल पर काले धुएं का गुबार फैल गया। हादसे में विमान में सवार सभी नौ लोगों की मौत हो गई। सड़क से गुजर रहे कुछ वाहन चालकों ने इस पूरी घटना को वीडियो में रिकॉर्ड कर लिया।

समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त विमान लियरजेट 60 था, जो पाम बीच काउंटी के ग्रीनएक्रस इलाके में गिरा। अमेरिकी परिवहन सचिव शॉन डफी ने विमान में सवार सभी नौ लोगों की मौत की पुष्टि की। विमान आसपास के घरों और सड़क पर चल रहे वाहनों से टकराने से बच गया।

खराब मौसम के कारण पायलट ने मांगी थी मदद

एयर ट्रैफिक कंट्रोल की रिकॉर्डिंग में हादसे से पहले पायलट की बातचीत सामने आई है। पायलट ने अधिकारियों को बताया था कि मौसम खराब हो रहा है और विमान में टर्बुलेंस महसूस हो रही है। इसके अलावा विमान के बाहरी हिस्से पर बर्फ जमने की समस्या भी सामने आई थी।

मौसम बिगड़ने पर पायलट ने 2,000 फीट ऊपर जाने की अनुमति मांगी। हालांकि, कुछ ही देर बाद विमान तेजी से नीचे गिरने लगा। पायलट ने मेडे-मेडे का आपातकालीन संदेश जारी करते हुए बताया कि विमान की ऊंचाई तेजी से कम हो रही है और उसकी गति नियंत्रण से बाहर होती जा रही है।

30 हजार फीट प्रति मिनट तक पहुंची गिरने की रफ्तार

फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, विमान करीब 35 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। खराब मौसम, टर्बुलेंस और बर्फ जमने के बाद विमान तेजी से नीचे आने लगा। रिपोर्ट में विमान के गिरने की रफ्तार 30 हजार फीट प्रति मिनट तक पहुंचने की जानकारी दी गई है।

600 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया

फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डेसेंटिस ने हादसे को बेहद विनाशकारी बताया। उन्होंने कहा कि जमीन पर किसी के हताहत होने की तत्काल सूचना नहीं थी। एहतियात के तौर पर आसपास की मोबाइल होम कम्युनिटी से करीब 600 लोगों को बाहर निकाला गया और सड़क बंद कर दी गई।

विमान टेक्सास के ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से बहामास जा रहा था। दुर्घटना के सटीक कारण और मृतकों की पहचान की जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

ये भी पढ़ें...

error: Content is protected !!