दिव्यकीर्ति सम्पादक-दीपक पाण्डेय, समाचार सम्पादक-विनय मिश्रा, मप्र के सभी जिलों में सम्वाददाता की आवश्यकता है। हमसे जुडने के लिए सम्पर्क करें….. नम्बर-7000181525,7000189640 या लाग इन करें www.divyakirti.com ,

Sachin Pilot Attack on BJP: सरकार के बार-बार फैसले बदलने पर सचिन पायलट का हमला, बोले- जनता के साथ हो रहा खिलवाड़

जयपुर, राजस्थान। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट ने केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए उसकी नीतियों और फैसलों पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार पहले बड़े निर्णय लेती है और बाद में उन्हें वापस ले लेती है। इससे जनता को परेशानी का सामना करना पड़ता है। पायलट ने तीन कृषि कानूनों, जातिगत जनगणना और अग्निवीर योजना का उदाहरण देते हुए कहा कि सरकार गंभीर मुद्दों पर स्पष्ट नीति के साथ सामने नहीं आती।

 

जयपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान पायलट ने कहा कि कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों को करीब डेढ़ साल तक आंदोलन करना पड़ा। इसके बाद सरकार को अपने फैसले वापस लेने पड़े। वहीं, अग्निवीर योजना को लेकर युवाओं के भविष्य में अनिश्चितता बनी हुई है। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार न तो फैसले लेने का कारण बताती है और न ही उन्हें वापस लेने का आधार स्पष्ट करती है।

बेरोजगारी और महंगाई से परेशान हैं युवा

सचिन पायलट ने कहा कि देश में बेरोजगारी और महंगाई बड़ी समस्याएं बनी हुई हैं। युवा रोजगार के लिए परेशान हैं और किसानों में भी असंतोष है। उन्होंने कहा कि भाजपा को केंद्र में शासन करते हुए 12 साल हो चुके हैं, लेकिन अब जनता बदलाव चाहती है। उनके मुताबिक, भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो गई है।

मतदाता सूची को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल

पायलट ने चुनाव आयोग और एसआईआर प्रक्रिया को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची से करोड़ों लोगों के नाम हटाने की कोशिश लोकतांत्रिक अधिकारों के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने इस प्रक्रिया को लेकर पारदर्शिता की जरूरत पर जोर दिया।

पंजाब की राजनीति पर भी बोले पायलट

पंजाब के राजनीतिक हालात पर कांग्रेस नेता ने कहा कि आम आदमी पार्टी की स्थिति कमजोर हो रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में मुख्य राजनीतिक मुकाबला कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच रहने की संभावना है।

इसके अलावा सचिन पायलट ने भाजपा पर संवैधानिक संस्थाओं और जांच एजेंसियों का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया। उन्होंने केंद्र सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और निष्पक्षता बनाए रखना जरूरी है।

ये भी पढ़ें...

error: Content is protected !!