दिव्यकीर्ति सम्पादक-दीपक पाण्डेय, समाचार सम्पादक-विनय मिश्रा, मप्र के सभी जिलों में सम्वाददाता की आवश्यकता है। हमसे जुडने के लिए सम्पर्क करें….. नम्बर-7000181525,7000189640 या लाग इन करें www.divyakirti.com ,

कैंसर की 137 दवाओं की कीमतों में भारी कटौती, 96.45% तक घटेंगे दाम; मरीजों को सालाना 3,502 करोड़ रुपये की बचत

नई दिल्ली, दिल्ली। कैंसर का इलाज करा रहे मरीजों और उनके परिवारों के लिए बड़ी राहत की खबर है। केंद्र सरकार ने 137 कैंसर रोधी दवाओं पर व्यापार मार्जिन की सीमा तय कर दी है। इस फैसले के बाद 9 नवंबर से इन दवाओं की कीमतों में भारी कमी लागू होगी। सरकार का अनुमान है कि इससे मरीजों को हर साल करीब 3,502.31 करोड़ रुपये की बचत होगी।

रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के अनुसार, राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (एनपीपीए) ने कैंसर की 137 दवाओं पर व्यापार मार्जिन सीमित करने का निर्णय लिया है। इसका उद्देश्य दवाओं की कीमतों को नियंत्रित करना और मरीजों को महंगे इलाज के आर्थिक बोझ से राहत देना है।

सरकारी जानकारी के मुताबिक, अब तक 76 दवा कंपनियों ने 121 दवाओं के 1,225 फॉर्मूलेशन के संशोधित अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) जमा किए हैं। इनमें से 1,031 फॉर्मूलेशन की कीमतों में कमी दर्ज की गई है। करीब 600 ब्रांड की कीमतों में 50 प्रतिशत से अधिक की कटौती हुई है। सबसे अधिक कीमत 96.45 प्रतिशत तक कम की गई है।

दुकानों और वेबसाइटों पर दिखानी होगी नई कीमत

सरकार ने खुदरा दवा विक्रेताओं, वितरकों और अस्पतालों को निर्देश दिया है कि वे अपने परिसरों और वेबसाइटों पर दवाओं की संशोधित मूल्य सूची प्रमुखता से प्रदर्शित करें। इससे मरीजों को दवाओं की नई कीमतों की जानकारी मिल सकेगी।

इस आदेश का पालन सुनिश्चित करने के लिए राज्य औषधि नियंत्रकों को निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

विशेषज्ञ समिति की सिफारिश पर फैसला

मंत्रालय के अनुसार, यह निर्णय स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय के अंतर्गत गठित विशेषज्ञ समिति की 17 अक्टूबर को दी गई सिफारिशों के बाद लिया गया है।

सरकार के इस कदम से कैंसर के इलाज पर होने वाला खर्च कम होने की उम्मीद है। खासतौर पर लंबे समय तक दवाएं लेने वाले मरीजों और उनके परिवारों को आर्थिक राहत मिल सकती है।

ये भी पढ़ें...

error: Content is protected !!