दिव्यकीर्ति सम्पादक-दीपक पाण्डेय, समाचार सम्पादक-विनय मिश्रा, मप्र के सभी जिलों में सम्वाददाता की आवश्यकता है। हमसे जुडने के लिए सम्पर्क करें….. नम्बर-7000181525,7000189640 या लाग इन करें www.divyakirti.com ,

रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म कराने के लिए भारत की बड़ी कूटनीतिक पहल, पीएम मोदी ने जेलेंस्की से की बात; जयशंकर ने लावरोव से की चर्चा

नई दिल्ली, दिल्ली। रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को समाप्त कराने के प्रयासों के तहत भारत ने सोमवार को बड़ी कूटनीतिक पहल की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से टेलीफोन पर बातचीत की, जबकि विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से चर्चा की। भारत की यह पहल ऐसे समय हुई है, जब 10 और 11 नवंबर को अबू धाबी में यूक्रेन, रूस और अमेरिका के बीच त्रिपक्षीय वार्ता प्रस्तावित है।

प्रधानमंत्री मोदी से बातचीत के दौरान जेलेंस्की ने युद्ध को लेकर मौजूदा कूटनीतिक स्थिति और शांति प्रयासों की जानकारी दी। इस पर प्रधानमंत्री ने संघर्ष का समाधान निकालने के लिए भारत की ओर से हरसंभव मदद देने की पेशकश की। उन्होंने कहा कि युद्ध का समाधान केवल बातचीत और कूटनीति के माध्यम से ही संभव है।

प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, मोदी ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाने और संघर्ष का शांतिपूर्ण समाधान तलाशने पर जोर दिया। दोनों नेताओं ने भारत और यूक्रेन के द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर भी चर्चा की।

जयशंकर ने लावरोव से की बातचीत

मोदी और जेलेंस्की की बातचीत के कुछ घंटों बाद विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से चर्चा की। जयशंकर ने बताया कि बातचीत में यूक्रेन संघर्ष और इससे जुड़े कूटनीतिक प्रयासों पर विचार-विमर्श हुआ।

जेलेंस्की ने भी बातचीत के बाद कहा कि यूक्रेन अबू धाबी में होने वाली बैठक के एजेंडे के सभी मुद्दों पर तैयारी कर रहा है। उन्होंने रूस से भी तनाव कम करने के लिए सकारात्मक कदम उठाने की अपील की।

खाद्य सुरक्षा पर भी भारत की नजर

यूक्रेन ने काला सागर के रास्ते अनाज निर्यात प्रभावित होने का मुद्दा उठाया है। जेलेंस्की के अनुसार, भारत अनाज गलियारा स्थापित करने में मध्यस्थ की भूमिका निभाने के लिए तैयार है।

भारत पहले भी ऊर्जा ढांचे पर हमले रोकने, काला सागर में वाणिज्यिक जहाजों की सुरक्षा और अनाज एवं ऊर्जा आपूर्ति बहाल करने जैसे मुद्दों पर जोर देता रहा है। भारत की ताजा पहल को युद्ध समाप्ति के लिए दोनों पक्षों के साथ संवाद बढ़ाने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

ये भी पढ़ें...

error: Content is protected !!