दिव्यकीर्ति सम्पादक-दीपक पाण्डेय, समाचार सम्पादक-विनय मिश्रा, मप्र के सभी जिलों में सम्वाददाता की आवश्यकता है। हमसे जुडने के लिए सम्पर्क करें….. नम्बर-7000181525,7000189640 या लाग इन करें www.divyakirti.com ,

नोटबंदी के 10 साल बाद भी नकदी का दबदबा कायम: कैश का मोह नहीं छोड़ पा रहे भारतीय, प्रचलन में रिकॉर्ड मुद्रा

नोटबंदी के 10 साल बाद भी कैश का दबदबा, भारतीयों के पास 43.16 लाख करोड़ रुपये की नकदी

नई दिल्ली, भारत: भारत में डिजिटल भुगतान का दायरा लगातार बढ़ रहा है। यूपीआई के जरिए रोजाना करोड़ों लोग लेनदेन कर रहे हैं, लेकिन नकदी का महत्व अब भी कम नहीं हुआ है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के सर्वेक्षण में सामने आया है कि भारतीय अभी भी नकदी का इस्तेमाल करना पसंद करते हैं। नोटबंदी के करीब 10 साल बाद भी बाजार में नकदी की मांग बनी हुई है और इसके चलन में लगातार वृद्धि दर्ज की गई है।

आंकड़ों के अनुसार, 8 नवंबर 2016 को देश में चलन में मौजूद नकदी का कुल मूल्य 17.77 लाख करोड़ रुपये था। वहीं, 23 अक्टूबर 2026 तक यह बढ़कर 43.16 लाख करोड़ रुपये हो गया। इस तरह नोटबंदी के बाद से चलन में मौजूद नकदी के मूल्य में लगभग 143 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।

मार्च 2026 में 41.24 लाख करोड़ रुपये के नोट बाजार में थे

आरबीआई की मई 2026 में जारी वार्षिक रिपोर्ट के मुताबिक, 31 मार्च 2026 तक चलन में मौजूद बैंक नोटों का कुल मूल्य करीब 41.24 लाख करोड़ रुपये था। वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान बैंक नोटों के मूल्य में 11.9 प्रतिशत और संख्या में 10.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इसके बाद भी नकदी का चलन बढ़ने का सिलसिला जारी रहा।

यूपीआई लेनदेन में भी बड़ा उछाल

दूसरी ओर, डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में भारत ने उल्लेखनीय प्रगति की है। अक्टूबर 2026 में यूपीआई के जरिए 25.46 अरब लेनदेन किए गए। इनका कुल मूल्य 31.53 लाख करोड़ रुपये रहा।

वित्त वर्ष 2016-17 में यूपीआई के माध्यम से केवल 1.78 करोड़ लेनदेन हुए थे, जबकि वित्त वर्ष 2025-26 में यह आंकड़ा बढ़कर 24,162 करोड़ से अधिक हो गया।

आपातकालीन जरूरतों के लिए भी रखते हैं नकदी

आरबीआई के वर्ष 2023 के शोध पत्र के मुताबिक, लोग नकदी को सिर्फ खरीदारी के लिए नहीं रखते, बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों और भविष्य की जरूरतों के लिए भी अपने पास जमा करते हैं। इंटरनेट कनेक्टिविटी की समस्या, तकनीकी खराबी और बैंकिंग सुविधाओं तक सीमित पहुंच भी नकदी की उपयोगिता बनाए रखती है।

500 रुपये के नोटों की सबसे ज्यादा हिस्सेदारी

31 मार्च 2026 तक कुल बैंक नोटों के मूल्य में 500 रुपये के नोटों की हिस्सेदारी 85.5 प्रतिशत थी। वहीं, संख्या के आधार पर इनकी हिस्सेदारी 41.2 प्रतिशत रही। 10 रुपये के नोटों की संख्या में हिस्सेदारी 16.1 प्रतिशत और 100 रुपये के नोटों की 15.7 प्रतिशत थी।

ये आंकड़े बताते हैं कि भारत में डिजिटल भुगतान और नकदी दोनों का इस्तेमाल साथ-साथ बढ़ रहा है।

ये भी पढ़ें...

error: Content is protected !!