दिव्यकीर्ति सम्पादक-दीपक पाण्डेय, समाचार सम्पादक-विनय मिश्रा, मप्र के सभी जिलों में सम्वाददाता की आवश्यकता है। हमसे जुडने के लिए सम्पर्क करें….. नम्बर-7000181525,7000189640 या लाग इन करें www.divyakirti.com ,

बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकाने पर हमले का ईरान ने किया दावा, दो ड्रोन गिराने की US ने दी जानकारी; होर्मुज में टैंकर से टकराई बारूदी सुरंग

वाशिंगटन, अमेरिका। पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव के बीच ईरान ने बहरीन में अमेरिकी अर्ली वार्निंग रडार को निशाना बनाने का दावा किया है। ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड के मुताबिक, यह कार्रवाई उसके होर्मोजगान प्रांत में हुए हवाई हमले के जवाब में की गई। दूसरी ओर, अमेरिकी सेना ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि बहरीन की तरफ भेजे गए दो हमलावर ड्रोन को मार गिराया गया है। इस घटना को लेकर बहरीन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार, रिवोल्यूशनरी गार्ड ने शुक्रवार को अमेरिकी रडार को निशाना बनाने की जानकारी दी। ईरान का कहना है कि उसके होर्मोजगान प्रांत के सिरिक काउंटी में एक दूरसंचार टावर पर हवाई हमला किया गया था। इसी कार्रवाई के जवाब में बहरीन में अमेरिकी सैन्य निगरानी प्रणाली को निशाना बनाया गया।

अमेरिका ने रडार पर हमले की पुष्टि नहीं की

ईरान के दावे के विपरीत अमेरिकी सेना ने कहा कि बहरीन की ओर लॉन्च किए गए दो हमलावर ड्रोन को रास्ते में ही नष्ट कर दिया गया। अमेरिकी पक्ष ने रडार को नुकसान पहुंचने की पुष्टि नहीं की है। इस बीच बहरीन की सरकार की ओर से भी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

बताया गया है कि सितंबर की शुरुआत के बाद किसी खाड़ी देश में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले को लेकर यह पहला दावा है। हालांकि, अमेरिकी रडार को नुकसान पहुंचने या हमले की वास्तविक स्थिति की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

होर्मुज स्ट्रेट में बारूदी सुरंग से टकराया गैस टैंकर

सैन्य तनाव के बीच होर्मुज स्ट्रेट में एक एलएनजी टैंकर से जुड़ी घटना ने भी चिंता बढ़ा दी है। ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड की नौसेना ने दावा किया कि शुक्रवार को उसके द्वारा समुद्र में बिछाई गई बारूदी सुरंग से एक टैंकर टकरा गया। इस जहाज में तरलीकृत प्राकृतिक गैस यानी एलएनजी लदी हुई थी।

ईरानी नौसेना के अनुसार, टैंकर होर्मुज जलडमरूमध्य में एक अनधिकृत और खतरनाक समुद्री रास्ते से गुजर रहा था। इसी दौरान वह बारूदी सुरंग की चपेट में आ गया और धमाका हुआ। हालांकि, जहाज की पहचान, उसमें सवार चालक दल और नुकसान की स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है।

ऊर्जा आपूर्ति के लिए अहम है होर्मुज जलडमरूमध्य

होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के प्रमुख ऊर्जा परिवहन मार्गों में शामिल है। यहां से बड़ी मात्रा में तेल और गैस का अंतरराष्ट्रीय व्यापार होता है। ऐसे में इस समुद्री मार्ग पर बारूदी सुरंग या सैन्य गतिविधियों की खबरें वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति को प्रभावित कर सकती हैं।

फिलहाल बहरीन में अमेरिकी रडार को निशाना बनाने के ईरानी दावे और एलएनजी टैंकर से जुड़ी घटना की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। अमेरिका और ईरान की ओर से सामने आए अलग-अलग दावों के बीच क्षेत्र की स्थिति पर नजर बनी हुई है।

ये भी पढ़ें...

error: Content is protected !!