दिव्यकीर्ति सम्पादक-दीपक पाण्डेय, समाचार सम्पादक-विनय मिश्रा, मप्र के सभी जिलों में सम्वाददाता की आवश्यकता है। हमसे जुडने के लिए सम्पर्क करें….. नम्बर-7000181525,7000189640 या लाग इन करें www.divyakirti.com ,

सोनिया गांधी के कार्यक्रम में दिखे कैप्टन अमरिंदर सिंह, राहुल गांधी ने बताया अपना पसंदीदा भाजपा नेता, वापसी की चर्चाएं तेज

नई दिल्ली, दिल्ली। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह सोमवार को सोनिया गांधी की किताब के विमोचन कार्यक्रम में पहुंचे। कांग्रेस छोड़ने के करीब पांच साल बाद गांधी परिवार के कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी ने राजनीतिक हलकों में नई चर्चा छेड़ दी। इस दौरान राहुल गांधी ने अपने पिता राजीव गांधी और अमरिंदर सिंह की पुरानी दोस्ती से जुड़ी एक दिलचस्प घटना भी साझा की।

राहुल गांधी ने मंच से किया अमरिंदर का जिक्र

कार्यक्रम में राहुल गांधी ने अपने माता-पिता के रिश्ते को याद करते हुए बताया कि राजीव गांधी और सोनिया गांधी के बीच कभी-कभी बहस होती थी, लेकिन उन्होंने दोनों को केवल एक बार गंभीर रूप से झगड़ते देखा था। उस समय राजीव गांधी फोन पर कैप्टन अमरिंदर सिंह से बातचीत कर रहे थे। राहुल ने अमरिंदर से पूछा कि क्या उन्हें वह घटना याद है। इस पर उन्होंने मुस्कुराकर प्रतिक्रिया दी।

गांधी परिवार से दशकों पुराना रिश्ता

अमरिंदर सिंह और राजीव गांधी स्कूल के समय से मित्र रहे हैं। राजीव गांधी के माध्यम से ही अमरिंदर कांग्रेस में आए थे। राहुल गांधी भी पहले अमरिंदर सिंह की प्रशंसा कर चुके हैं। अगस्त में सोशल मीडिया पर बातचीत के दौरान उन्होंने अमरिंदर को अपना पसंदीदा भाजपा नेता बताया था और उन्हें अंकल अमरिंदर कहकर संबोधित किया था।

कांग्रेस में लौटने से अमरिंदर का इनकार

कार्यक्रम के बाद पत्रकारों ने अमरिंदर सिंह से पूछा कि क्या वह 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में वापसी करेंगे। इस पर उन्होंने कहा कि वह एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल हुए हैं और इसे राजनीति से जोड़ना उचित नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गांधी परिवार के साथ उनके व्यक्तिगत संबंध हमेशा से अच्छे रहे हैं।

2021 में कांग्रेस छोड़कर बनाई थी नई पार्टी

सितंबर 2021 में पंजाब के मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद अमरिंदर सिंह और कांग्रेस नेतृत्व के बीच मतभेद बढ़ गए थे। नवंबर में उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा देकर पंजाब लोक कांग्रेस बनाई। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी को सफलता नहीं मिली। बाद में उन्होंने अपनी पार्टी का भाजपा में विलय कर दिया।

कांग्रेस के कुछ नेताओं ने उनकी संभावित वापसी का स्वागत करने की बात कही है। हालांकि, अमरिंदर सिंह ने स्पष्ट किया है कि उनकी इस मुलाकात को राजनीतिक बदलाव का संकेत नहीं माना जाना चाहिए।

ये भी पढ़ें...

error: Content is protected !!