दिव्यकीर्ति सम्पादक-दीपक पाण्डेय, समाचार सम्पादक-विनय मिश्रा, मप्र के सभी जिलों में सम्वाददाता की आवश्यकता है। हमसे जुडने के लिए सम्पर्क करें….. नम्बर-7000181525,7000189640 या लाग इन करें www.divyakirti.com ,

’50 करोड़ भारतीयों ने गरीबी को हराया’, राहुल गांधी के आर्थिक आपदा वाले बयान पर पीएम मोदी का पलटवार

पीएम मोदी का राहुल गांधी पर निशाना, बोले- 12 वर्षों में 50 करोड़ लोगों ने गरीबी को हराया, तेजी से बढ़ रही अर्थव्यवस्था

नई दिल्ली, दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की आर्थिक स्थिति को लेकर विपक्ष के नेता राहुल गांधी की टिप्पणी के बीच देश की विकास दर और गरीबी में कमी का मुद्दा उठाया है। गुरुवार को फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) के शताब्दी समारोह में प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बना हुआ है। उन्होंने विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि पिछले 12 से 13 वर्षों में करीब 50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर आए हैं।

सात प्रतिशत की रफ्तार से बढ़ रही अर्थव्यवस्था

नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था की विकास दर लगभग सात प्रतिशत रहने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि अक्टूबर में भारत का वस्तु निर्यात करीब 50 अरब डॉलर तक पहुंच गया। उनके अनुसार, यह देश का अब तक का सबसे अधिक मासिक वस्तु निर्यात है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मूडीज, एसएंडपी ग्लोबल, फिच, विश्व बैंक और एशियाई विकास बैंक जैसी अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं भारत के बेहतर प्रदर्शन को देखते हुए आर्थिक वृद्धि के अपने अनुमान बढ़ा रही हैं।

कांग्रेस की पुरानी नीतियों पर उठाए सवाल

प्रधानमंत्री मोदी ने 1970 के दशक के गरीबी हटाओ नारे का उल्लेख करते हुए कांग्रेस की तत्कालीन नीतियों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि उस समय देश की आबादी करीब 50 करोड़ थी और गरीबी दूर करने की संभावनाएं मौजूद थीं, लेकिन नीतिगत कमियों के कारण अपेक्षित परिणाम नहीं मिले।

उन्होंने कहा कि सही नीतियों और स्पष्ट इरादों के साथ काम करने से पिछले 12 से 13 वर्षों में करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने में सफलता मिली है।

राहुल गांधी ने आर्थिक संकट की जताई थी आशंका

राहुल गांधी ने एक दिन पहले न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में भारत की आर्थिक स्थिति पर सवाल उठाए थे। उन्होंने बेरोजगारी, विनिर्माण क्षेत्र की चुनौतियों और शिक्षा व्यवस्था की समस्याओं का हवाला देते हुए देश को आर्थिक आपदा की कगार पर बताया था।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि युवाओं, किसानों, श्रमिकों और उद्योग जगत की मेहनत से भारत ने आर्थिक चुनौतियों को पीछे छोड़ते हुए विकास की दिशा में प्रगति की है।

ये भी पढ़ें...

error: Content is protected !!