दिव्यकीर्ति सम्पादक-दीपक पाण्डेय, समाचार सम्पादक-विनय मिश्रा, मप्र के सभी जिलों में सम्वाददाता की आवश्यकता है। हमसे जुडने के लिए सम्पर्क करें….. नम्बर-7000181525,7000189640 या लाग इन करें www.divyakirti.com ,

विधानसभा चुनाव 2027 की तारीखों पर बड़ा अपडेट, यूपी-पंजाब समेत पांच राज्यों में 15 जनवरी के आसपास हो सकता है एलान

नई दिल्ली, दिल्ली। उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। चुनाव आयोग ने पांचों राज्यों में चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं। संकेत मिल रहे हैं कि विधानसभा चुनाव 2027 की तारीखों की घोषणा 15 जनवरी के आसपास हो सकती है।

 

वहीं इन राज्यों में मतदान 22 फरवरी के बाद शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि चुनाव आयोग की ओर से अभी किसी तारीख की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

उत्तर प्रदेश में तीन से चार चरणों में मतदान की तैयारी

पांच राज्यों में होने वाले चुनावों में उत्तर प्रदेश का चुनाव कार्यक्रम अन्य राज्यों से अलग हो सकता है। उत्तर प्रदेश में तीन से चार चरणों में मतदान कराने की तैयारी है।

वहीं पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में एक ही चरण में चुनाव कराए जाने की संभावना है।

पिछली बार वर्ष 2022 में इन पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों की घोषणा आठ जनवरी को की गई थी। इस बार चुनाव कार्यक्रम घोषित होने में कुछ दिन अधिक लग सकते हैं।

चुनाव आयोग के अधिकारियों का दौरा जारी

चुनाव आयोग ने चुनावी व्यवस्थाओं की समीक्षा शुरू कर दी है। उत्तर प्रदेश और गोवा में आयोग के अधिकारियों का दौरा अभी पूरा नहीं हुआ है।

इन दौरों के 15 दिसंबर तक समाप्त होने की उम्मीद है। इसके बाद मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्त राज्यों में पहुंचकर तैयारियों की समीक्षा करेंगे।

इस पूरी प्रक्रिया में करीब एक महीने का समय लगने का अनुमान है। सभी राज्यों की तैयारियों की समीक्षा पूरी होने के बाद चुनाव कार्यक्रम घोषित किया जा सकता है।

प्रयागराज का माघ मेला और बोर्ड परीक्षाएं बड़ी वजह

उत्तर प्रदेश में चुनाव की तारीखें निर्धारित करते समय बोर्ड परीक्षाओं और प्रयागराज के माघ मेले को ध्यान में रखा जा रहा है।

माघ मेला 14 जनवरी से नौ मार्च तक चलेगा। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु कल्पवास के लिए प्रयागराज पहुंचते हैं। कल्पवासियों का प्रवास 20 फरवरी तक रहने की संभावना है।

इसके अलावा उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाएं पांच फरवरी से 24 फरवरी तक प्रस्तावित हैं।

कब समाप्त होगा विधानसभाओं का कार्यकाल?

पांच राज्यों में सबसे पहले मणिपुर विधानसभा का कार्यकाल 13 मार्च 2027 को समाप्त होगा। इसके बाद गोवा विधानसभा का कार्यकाल 14 मार्च और पंजाब विधानसभा का कार्यकाल 16 मार्च को समाप्त होगा।

उत्तराखंड विधानसभा का कार्यकाल 28 मार्च तक है, जबकि उत्तर प्रदेश विधानसभा का कार्यकाल 22 मई 2027 तक रहेगा।

24 फरवरी से आठ मार्च के बीच मतदान की संभावना

चुनाव आयोग से जुड़े सूत्रों के अनुसार, पांचों राज्यों में मतदान 24 फरवरी से आठ मार्च के बीच कराया जा सकता है।

आयोग को चुनाव कार्यक्रम बनाते समय विधानसभाओं के कार्यकाल, बोर्ड परीक्षाओं और धार्मिक आयोजनों का ध्यान रखना होगा।

फिलहाल ये सभी संभावित तारीखें हैं। चुनाव की अंतिम तारीखों और मतदान के चरणों की जानकारी चुनाव आयोग की आधिकारिक घोषणा के बाद ही सामने आएगी।

ये भी पढ़ें...

error: Content is protected !!