दिव्यकीर्ति सम्पादक-दीपक पाण्डेय, समाचार सम्पादक-विनय मिश्रा, मप्र के सभी जिलों में सम्वाददाता की आवश्यकता है। हमसे जुडने के लिए सम्पर्क करें….. नम्बर-7000181525,7000189640 या लाग इन करें www.divyakirti.com ,

अरुणाचल सीमा से 40 किलोमीटर दूर चीन का मेगा डैम, नदी की धारा मोड़ने के मिले संकेत; भारत की सियांग परियोजना पर नजर

गुवाहाटी, असम। अरुणाचल प्रदेश की सीमा के करीब चीन यारलुंग त्सांगपो नदी पर दुनिया की विशाल जलविद्युत परियोजनाओं में शामिल मेडोग परियोजना का निर्माण कर रहा है। सैटेलाइट तस्वीरों के नए विश्लेषण में सामने आया है कि 60 गीगावाट क्षमता वाली इस परियोजना का निर्माण बड़े पैमाने पर आगे बढ़ चुका है।

आईआईटी दिल्ली के एफआईटीटी में विकसित भारतीय भू-स्थानिक तकनीक स्टार्टअप अर्थसेंस लैब्स के अध्ययन में बांध स्थल से गांवों को हटाने, नदी की धारा मोड़ने और भारी औद्योगिक ढांचा तैयार करने के संकेत मिले हैं।

सीमा से 40 से 50 किलोमीटर दूर परियोजना

रिपोर्ट के अनुसार, चीनी जलविद्युत परियोजना मैकमोहन रेखा के करीब अरुणाचल प्रदेश के उत्तर में लगभग 40 से 50 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।

इसमें मेनलिंग कस्बे के पास एक बड़ा बांध, पाई कस्बे के आसपास संभावित निचला बांध, नामचा बरवा पर्वत से गुजरने वाली सुरंग और मेडोग काउंटी के आगे सुरंग का निकास शामिल है।

168 अरब डॉलर खर्च करेगा चीन

परियोजना की अनुमानित लागत करीब 168 अरब डॉलर है। इसके तहत पांच जलविद्युत स्टेशन और लगभग 40 किलोमीटर लंबी सुरंगों का निर्माण प्रस्तावित है।

सैटेलाइट तस्वीरों के मुताबिक, जुलाई 2025 में प्रस्तावित बांध स्थल पर गांव और खेत मौजूद थे। दिसंबर 2025 तक इन क्षेत्रों को खाली कराने के बाद निर्माण कार्य शुरू हो गया था। अगस्त 2026 की तस्वीरों में नदी का रुख मोड़ने और नए बुनियादी ढांचे के निर्माण के संकेत मिले हैं।

भारत ने प्रस्तावित की 11,200 मेगावाट की परियोजना

चीन की परियोजना के संभावित प्रभावों को देखते हुए भारत ने अरुणाचल प्रदेश में सियांग अपर मल्टीपर्पज परियोजना प्रस्तावित की है। इसकी बिजली उत्पादन क्षमता 11,200 मेगावाट होगी।

मुख्यमंत्री पेमा खांडू के अनुसार, प्रस्तावित जलाशय में लगभग 9.2 अरब घनमीटर पानी जमा करने की क्षमता होगी। इससे नदी के बहाव में अचानक होने वाले बदलावों से निपटने और कम पानी वाले मौसम में जल उपलब्धता बनाए रखने में मदद मिलने की उम्मीद है।

स्थानीय समुदायों का बढ़ रहा विरोध

भारतीय परियोजना को लेकर स्थानीय आदि समुदायों ने विस्थापन, भूमि और आजीविका संबंधी चिंताएं जताई हैं। समुदायों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को याचिका भी सौंपी है। परियोजना के सर्वेक्षण को लेकर बढ़ते तनाव के बीच केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की तैनाती की गई थी।

हालांकि, अर्थसेंस लैब्स की रिपोर्ट में चीनी परियोजना से अरुणाचल प्रदेश और असम में नदी के बहाव, पर्यावरण तथा स्थानीय आबादी पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों का सटीक आकलन नहीं किया गया है।

ये भी पढ़ें...

error: Content is protected !!