दिव्यकीर्ति सम्पादक-दीपक पाण्डेय, समाचार सम्पादक-विनय मिश्रा, मप्र के सभी जिलों में सम्वाददाता की आवश्यकता है। हमसे जुडने के लिए सम्पर्क करें….. नम्बर-7000181525,7000189640 या लाग इन करें www.divyakirti.com ,

SCO बैठक के लिए भारत को निमंत्रण भेजेगा पाकिस्तान, पीएम मोदी के इस्लामाबाद जाने पर संशय

इस्लामाबाद, पाकिस्तान। पाकिस्तान वर्ष 2027 की शुरुआत में होने वाली शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के संस्कृति मंत्रियों की बैठक के लिए भारत को निमंत्रण भेजने की तैयारी कर रहा है। इसके अलावा पाकिस्तान अगले साल अगस्त के अंत में एससीओ राष्ट्राध्यक्ष परिषद के शिखर सम्मेलन की मेजबानी भी करेगा।

पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण संबंधों को देखते हुए इन बैठकों में भारत की भागीदारी पर सभी की नजरें रहेंगी।

पहलगाम हमले के बाद नहीं हुई मंत्री स्तरीय यात्रा

अप्रैल 2025 में हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद किसी भारतीय मंत्री ने पाकिस्तान का दौरा नहीं किया है। हालांकि, सितंबर में विदेश मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव आलोक डिमरी एससीओ राष्ट्रीय समन्वयकों की बैठक में शामिल होने के लिए इस्लामाबाद गए थे।

संस्कृति मंत्रियों की बैठक के बाद पाकिस्तान एससीओ के रक्षा और विदेश मंत्रियों की बैठकों की भी मेजबानी करेगा।

सिंधु जल संधि पर भारत का रुख बरकरार

हाल ही में पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मलिक ने नई दिल्ली में आयोजित एससीओ सभ्यतागत संवाद में हिस्सा लिया था। उनकी यात्रा को लेकर विपक्ष ने सरकार की आलोचना की थी।

भारत सरकार ने स्पष्ट किया कि एससीओ के तहत बहुपक्षीय सहयोग को पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय संबंधों में नरमी के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए। सिंधु जल संधि को लेकर भी भारत के रुख में कोई बदलाव नहीं आया है।

क्या पाकिस्तान जाएंगे प्रधानमंत्री मोदी?

रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय अधिकारियों ने मौजूदा परिस्थितियों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस्लामाबाद जाने की संभावना बेहद कम बताई है। भारत सीमा पार आतंकवाद के मुद्दे पर पाकिस्तान से ठोस कदम चाहता है।

हालांकि, किसी वरिष्ठ भारतीय मंत्री के शिखर सम्मेलन में शामिल होने की संभावना से इनकार नहीं किया गया है। वर्ष 2024 में भी कजाकिस्तान में आयोजित एससीओ शिखर सम्मेलन में विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भारत का प्रतिनिधित्व किया था।

ये भी पढ़ें...

error: Content is protected !!