दिव्यकीर्ति सम्पादक-दीपक पाण्डेय, समाचार सम्पादक-विनय मिश्रा, मप्र के सभी जिलों में सम्वाददाता की आवश्यकता है। हमसे जुडने के लिए सम्पर्क करें….. नम्बर-7000181525,7000189640 या लाग इन करें www.divyakirti.com ,

भारतीय कंपनियों में बढ़ रहा एआई का इस्तेमाल, 2030 तक हर 100 में से 59 कर्मचारियों को नए प्रशिक्षण की जरूरत

नई दिल्ली, दिल्ली। देश के कॉर्पोरेट क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते इस्तेमाल से कर्मचारियों की भूमिका और कंपनियों की भर्ती प्रक्रिया में बदलाव आने लगा है। केपीएमजी इंडिया और भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) की संयुक्त रिपोर्ट के मुताबिक, भारत के 93 प्रतिशत कारोबारी लीडर्स कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए एआई एजेंट्स अपनाने की तैयारी कर रहे हैं।

59 प्रतिशत कंपनियां कर रही हैं एआई का इस्तेमाल

रिपोर्ट के अनुसार, सर्वेक्षण में शामिल 59 प्रतिशत कंपनियों ने अपनी व्यावसायिक प्रक्रियाओं को स्वचालित बनाने के लिए एआई एजेंट्स का इस्तेमाल शुरू कर दिया है। इसके अलावा 74 प्रतिशत भारतीय सीईओ का मानना है कि अगले तीन वर्षों में कंपनियों की प्रगति इस बात पर निर्भर करेगी कि उनके कर्मचारी एआई तकनीक के लिए कितने तैयार हैं।

नौकरियों से पहले बदलेगा कामकाज का तरीका

रिपोर्ट में कहा गया है कि एआई का प्रभाव केवल रोजगार तक सीमित नहीं है। यह कर्मचारियों के रोजमर्रा के काम और निर्णय लेने की प्रक्रिया में भी बदलाव ला रहा है। जानकारी तलाशने, दस्तावेजों का शुरुआती मसौदा बनाने, सूचनाओं का सार तैयार करने और सामान्य विश्लेषण जैसे काम एआई संभाल रहा है।

ऐसे में कर्मचारियों को समस्याओं की पहचान, आंकड़ों की व्याख्या और व्यावसायिक निर्णय लेने की क्षमता विकसित करनी होगी।

सिर्फ एआई उपकरण चलाना पर्याप्त नहीं

कर्मचारियों को एआई उपकरणों का इस्तेमाल करने के साथ सही निर्देश देने और उनसे प्राप्त परिणामों की जांच करने में भी सक्षम होना होगा। महत्वपूर्ण निर्णयों की जिम्मेदारी कर्मचारियों के पास ही रहेगी।

2030 तक बदलेंगे 39 प्रतिशत प्रमुख कौशल

विश्व आर्थिक मंच की फ्यूचर ऑफ जॉब्स रिपोर्ट 2025 के अनुसार, वर्ष 2030 तक कर्मचारियों के 39 प्रतिशत प्रमुख कौशल बदल सकते हैं। प्रत्येक 100 में से 59 कर्मचारियों को प्रशिक्षण की जरूरत पड़ सकती है। वहीं, 63 प्रतिशत नियोक्ता कौशल की कमी को कारोबारी बदलाव में प्रमुख बाधा मानते हैं।

कौशल आधारित भर्ती पर बढ़ेगा जोर

रिपोर्ट के मुताबिक, 85 प्रतिशत कंपनियां मौजूदा कर्मचारियों के कौशल विकास पर ध्यान देंगी। वहीं, 70 प्रतिशत कंपनियां नए कौशल वाले कर्मचारियों की भर्ती करेंगी। करीब 50 प्रतिशत कंपनियां कर्मचारियों को घटती मांग वाले पदों से अधिक मांग वाले कार्यक्षेत्रों में स्थानांतरित करने की योजना बना रही हैं।

ये भी पढ़ें...

error: Content is protected !!