दिव्यकीर्ति सम्पादक-दीपक पाण्डेय, समाचार सम्पादक-विनय मिश्रा, मप्र के सभी जिलों में सम्वाददाता की आवश्यकता है। हमसे जुडने के लिए सम्पर्क करें….. नम्बर-7000181525,7000189640 या लाग इन करें www.divyakirti.com ,

जियो ने लॉन्च किया JioAstro एप, अब जन्म कुंडली से लेकर ग्रह दोषों तक की जानकारी देगा एआई ज्योतिषी

नई दिल्ली, दिल्ली। रिलायंस जियो ने दूरसंचार और डिजिटल सेवाओं के बाद अब ज्योतिष के क्षेत्र में भी कदम रख दिया है। कंपनी ने जियोएस्ट्रो (JioAstro) नाम से नया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित ज्योतिष एप लॉन्च किया है। इसके माध्यम से यूजर्स अपनी जन्म कुंडली के आधार पर एआई ज्योतिषी से सीधे बातचीत कर सकेंगे। यह एप गूगल प्ले स्टोर पर मुफ्त डाउनलोड के लिए उपलब्ध है।

चार भाषाओं में मिलेगी सुविधा

जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड ने इस एप को पारंपरिक वैदिक ज्योतिष और आधुनिक तकनीक के संयोजन से तैयार किया है। इसमें हिंदी, अंग्रेजी, मराठी और गुजराती भाषा में सवाल पूछने की सुविधा दी गई है। यूजर्स ग्रहों की स्थिति, महादशा और ज्योतिषीय योगों से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

40 से अधिक ज्योतिषीय योगों की होगी पहचान

जियोएस्ट्रो एप में उत्तर भारतीय और दक्षिण भारतीय शैली में जन्म कुंडली देखने का विकल्प दिया गया है। इसके अलावा लग्न और नवांश कुंडली का विश्लेषण भी किया जा सकेगा। एप 40 से अधिक ज्योतिषीय योगों के साथ मांगलिक दोष, कालसर्प दोष, पितृ दोष और ग्रहण दोष की जानकारी देगा।

परिवार के सदस्यों की भी बना सकेंगे कुंडली

यूजर्स अपने अकाउंट में परिवार के चार सदस्यों की प्रोफाइल जोड़ सकेंगे। एप में दैनिक राशिफल, शुभ रंग, भाग्यशाली अंक, पंचांग और शुभ मुहूर्त देखने की सुविधा भी मिलेगी। इसके अलावा वार्षिक वर्षफल रिपोर्ट पीडीएफ में डाउनलोड की जा सकेगी।

निजी जानकारी की सुरक्षा का दावा

कंपनी के अनुसार, यूजर्स की जन्मतिथि, जन्म समय और जन्म स्थान से जुड़ी जानकारी एन्क्रिप्टेड रखी जाएगी। कंपनी का कहना है कि एप में डराने वाली भविष्यवाणियों और महंगे उत्पादों की खरीद के लिए दबाव बनाने से बचा गया है।

जियो ने स्पष्ट किया है कि यह एप केवल ज्योतिषीय मार्गदर्शन के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इसे चिकित्सा, कानूनी या वित्तीय सलाह का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए।

ये भी पढ़ें...

error: Content is protected !!