दिव्यकीर्ति सम्पादक-दीपक पाण्डेय, समाचार सम्पादक-विनय मिश्रा, मप्र के सभी जिलों में सम्वाददाता की आवश्यकता है। हमसे जुडने के लिए सम्पर्क करें….. नम्बर-7000181525,7000189640 या लाग इन करें www.divyakirti.com ,

मोदी कैबिनेट के बड़े फैसले, 11 हजार करोड़ की विनिर्माण योजना मंजूर; सिलचर में बनेगा नया एयरपोर्ट

नई दिल्ली, दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। सरकार ने निर्माण और बुनियादी ढांचे से जुड़े उपकरणों के घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए 11,000 करोड़ रुपये की योजना को स्वीकृति दी है। इसके अलावा असम के सिलचर में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट, कामराजार बंदरगाह पर दूसरे कंटेनर टर्मिनल और डाक विभाग की दो योजनाओं को भी मंजूरी मिली है।

आठ वर्षों तक चलेगी विनिर्माण योजना

निर्माण एवं अवसंरचना उपकरण विनिर्माण योजना को भारी उद्योग मंत्रालय लागू करेगा। यह योजना वित्त वर्ष 2026-27 से 2033-34 तक चलेगी। शुरुआती दो वर्षों में विनिर्माण इकाइयों की स्थापना की जाएगी। इसके बाद पांच वर्षों तक प्रोत्साहन राशि वितरित होगी, जबकि अंतिम वर्ष में प्रोत्साहनों का निपटान किया जाएगा।

सिलचर में 2,014 करोड़ से बनेगा एयरपोर्ट

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने असम के सिलचर स्थित डोलू में नया ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा बनाने की मंजूरी दी है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव के अनुसार, इसकी अनुमानित लागत 2,014 करोड़ रुपये होगी। एयरपोर्ट की वार्षिक यात्री क्षमता 10.1 लाख होगी। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण अपने आंतरिक संसाधनों से परियोजना का वित्तपोषण करेगा।

कामराजार पोर्ट का होगा विस्तार

आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने कामराजार पोर्ट पर दूसरे कंटेनर टर्मिनल के विकास को मंजूरी दी है। सार्वजनिक-निजी भागीदारी मॉडल के तहत विकसित होने वाली इस परियोजना पर जीएसटी सहित 4,288.26 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

डाक विभाग की दो योजनाओं को मंजूरी

केंद्र सरकार ने वित्त वर्ष 2030-31 तक डाक परिचालन योजना जारी रखने के लिए 1,141 करोड़ रुपये के परिव्यय को मंजूरी दी है। इसके अलावा एस्टेट मैनेजमेंट योजना के लिए 1,491 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

इन योजनाओं के तहत डाक सेवाओं को बेहतर बनाने, नए डाकघर स्थापित करने और पुराने डाकघरों का नवीनीकरण करने का काम किया जाएगा।

ये भी पढ़ें...

error: Content is protected !!