राजस्थान में राजसमंद जिले के नेगडियां गांव में शुक्रवार सुबह वन विभाग की रेस्क्यू टीम पर एक घायल तेंदुए ने हमला कर दिया। हमले में चार वनकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के करीब आधे घंटे बाद तेंदुआ खेत में मृत मिला।

आशंका है कि वह किसी बड़े वाहन की चपेट में आ गया, क्योंकि उसे चलने में परेशानी हो रही थी। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। वन विभाग को गुरुवार रात गोमती-उदयपुर हाइवे पर घायल तेंदुआ दिखने की सूचना मिली थी। टीम ने रेस्क्यू शुरू किया, लेकिन अंधेरा ज्यादा होने के कारण न तो उसे ट्रेंकुलाइज किया जा सका और न ही पकड़ने में सफलता मिली। तेंदुआ खेतों की ओर चला गया।

शुक्रवार सुबह उसे जाल से पकड़ने का निर्णय किया। इसी दौरान तेंदुए ने वनकर्मी पन्नालाल, हरीश लोहार, घनश्याम पूर्बिया और गिरधारी लाल पर हमला कर घायल कर दिया। उन्हें साथियों ने वाहनों तक पहुंचाया और अस्पताल में भर्ती कराया। टीम जब दोबारा मौके पर लौटी तो तेंदुआ मृत मिला।