मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में खंडवा–बड़ौदा हाईवे पर बुधवार को एक तेज रफ्तार यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क से उतरकर खेत में जा घुसी। हादसे में बस में सवार अनेक यात्रियों को चोटें आई हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अंजड़ के अस्पताल पहुंचाया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना अंजड़ थाना क्षेत्र के राजीव गांधी नगर के पास हुई। बस खरगोन से बड़वानी की ओर जा रही थी, तभी अचानक उसका स्टेयरिंग फेल हो गया। चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन सड़क से उतरकर पास के खेत में जा घुसा।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए यात्रियों को बस से बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। बस में करीब 30 यात्री सवार थे, जिनमें से कइयों को चोटें आई हैं।

दुर्घटना में घायल छह यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए राजपुर स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि इसी हाईवे पर एक सप्ताह पहले भी स्टेयरिंग फेल होने के कारण एक अन्य बस खेत में जा घुसी थी, जिससे सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।