रायपुर के पुरैना विधायक कालोनी में एयरफोर्स के विंग कमांडर 39 वर्षीय विपुल यादव ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुरुआती जांच में पत्नी के साथ विवाद की बात सामने आ रही है।

घटना तेलीबांधा थाना क्षेत्र की है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रमांकत साहू ने बताया कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

मृतक का मोबाइल जब्त

पुलिस ने मृतक का मोबाइल जब्त कर लिया है। पुलिस ने बताया कि विंग कमांडर विपुल यादव मूलत: उत्तर प्रदेश के वाराणसी के शहंशाहपुर के रहने वाले थे। उनकी नियुक्ति छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में थी। वह परिवार के साथ विधायक विश्राम गृह परिसर में रहते थे। वर्ष 2014 में उनका प्रेम विवाह हुआ था।

उनकी पत्नी अर्जिता श्रीवास्तव भी पहले एयरफोर्स में अधिकारी थीं, लेकिन बाद में इस्तीफा देकर आइटी सेक्टर की एक कंपनी में काम करने लगीं। काम के सिलसिले में वह दो दिन पहले ही दिल्ली गई थीं। शुरुआती जांच में पता चला है कि दंपती के बीच कुछ ठीक नहीं चल रहा था और किसी बात को लेकर तनाव था।

घरेलू सहायिका ने देखी फांसी के फंदे पर लटका शव

तनाव किस बात को लेकर था, इसका पता नहीं चल सका है। बुधवार सुबह जब उनकी घरेलू सहायिका चाय देने के लिए विपुल के कमरे में गई, तो उन्हें फांसी के फंदे पर लटका पाया।

घटना के समय विपुल के दोनों बच्चे नौ वर्ष का बेटा और सात वर्ष की बेटी दूसरे कमरे में सो रहे थे। तुरंत सहायिका ने पड़ोसियों और पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।