कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक सनसनीखेज लूट का मामला सामने आया है, जहां पिता-पुत्र की जोड़ी ने बुर्का पहन एक इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में घुसकर 80 लाख रुपये के कंप्यूटर पार्ट्स चुरा लिए। पुलिस ने महज 12 घंटे के अंदर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. इसके साथ ही चोरी का सारा माल बरामद कर लिया।

CCTV फूटेज से खुला राज

घटना बेंगलुरु के नगवारा इलाके की है, जहां नितीश कंप्यूटर्स नाम की दुकान है। 14 मार्च की सुबह करीब 11 बजे दुकान खोली गई तो मालिक ने देखा कि ताला तोड़ा गया है और दुकान से सामान गायब है। चोरी में 444 DDR4 रैम यूनिट्स, 279 SSD और 2.4 लाख रुपये नकद चुराए गए थे। कुल नुकसान 80 लाख रुपये का बताया गया।

दुकान के CCTV फुटेज खंगाला गया तो दो बुर्का पहने व्यक्ति दिखे, जिन्होंने ताला तोड़कर सामान चुराया। बुर्के की वजह से उनकी पहचान छिपी रही, लेकिन पुलिस ने आसपास के इलाके के CCTV फुटेज खंगाले। जांच में पता चला कि आरोपी एक मोटरसाइकिल से आए थे।

क्या था विवाद?

रविवार को पुलिस ने नगवारा के एक होटल के पास 21 वर्षीय हेमंत मंजूनाथ को गिरफ्तार किया, जो लैपटॉप टेक्नीशियन है। पूछताछ में उसने कबूल किया कि उसके साथ उसके पिता 45 वर्षीय मंजूनाथ भी शामिल थे। दोनों पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी इसी दुकान का पूर्व कर्मचारी था और सैलरी विवाद के कारण बदला लेने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया। चोरी का सारा सामान टी चन्नैया लेआउट की एक दुकान से बरामद कर लिया गया। गोविंदपुरा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज है और जांच जारी है।