दिव्यकीर्ति सम्पादक-दीपक पाण्डेय, समाचार सम्पादक-विनय मिश्रा, मप्र के सभी जिलों में सम्वाददाता की आवश्यकता है। हमसे जुडने के लिए सम्पर्क करें….. नम्बर-7000181525,7000189640 या लाग इन करें www.divyakirti.com ,

नोएडा में आज से श्रमिक काम पर लौटेंगे: यूनियन ने कहा- इंडस्ट्री पूरी तरह खुलेगी, DM ने चेतावनी दी- उपद्रव पर एजेंसी का लाइसेंस रद्द होगा

नोएडा में आज से श्रमिक काम पर लौटेंगे:यूनियन बोली- इंडस्ट्री फुल फ्लैश खुलेंगी, DM ने कहा- उपद्रव हुआ तो एजेंसी का लाइसेंस रद्द होगा

नोएडा में सोमवार और मंगलवार की हिंसक घटनाओं के बाद बुधवार से सभी सेक्टरों की इंडस्ट्री फुल फ्लैश खुलने जा रही हैं। यह हिंसा मजदूरों की सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर हुई थी, जिसमें 80 से अधिक फैक्ट्रियों पर पथराव और तोड़फोड़ की गई। पुलिस ने इस मामले में 7 थानों में एफआईआर दर्ज कर 4 महिलाओं समेत 396 लोगों को हिरासत में लिया है। साथ ही सोशल मीडिया पर सक्रिय कई अकाउंट्स को भी इस जांच में शामिल किया गया है।

एमएसएमई इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेंद्र नाहाटा ने कहा कि हिंसा करने वाले बाहरी लोग थे जो हमारे श्रमिक नहीं हो सकते। उन्होंने वार्ता में यह भी बताया कि बुधवार से सेक्टर-1 से 6 तक की फैक्ट्रियां पूरी तरह से खुलेंगी और बाकी फैक्ट्रियां भी जल्द ही संचालन शुरू कर देंगी। श्रमिकों को किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं होगी।

डीएम मेधा रूपम ने सभी ठेकेदारों को सरकार की गाइडलाइंस का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है। उन्होंने बताया कि इलाके में सुरक्षा का विशेष इंतजाम किया गया है, जिसमें 16 कंपनियों में RAF और पीएसी तैनात हैं। सभी कंपनियों के बाहर सैलरी बढ़ोतरी के नोटिस भी चस्पा किए गए हैं ताकि श्रमिकों को स्पष्ट जानकारी मिल सके।

डीएम ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई एजेंसी या उसके कर्मचारी गड़बड़ी या उपद्रव में शामिल पाए जाते हैं तो उनकी जिम्मेदारी एजेंसी की होगी। ऐसी स्थिति में एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और उसके लाइसेंस को भी रद्द किया जा सकता है। अतुल कुमार, डीडी फैक्ट्री बृजेश और अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में यह भी जोर दिया गया कि ठेकेदार अपने कर्मचारियों को अनुशासन और शांति बनाए रखने का प्रशिक्षण दें।

सरकार द्वारा तय न्यूनतम वेतन के अनुसार, अकुशल श्रमिकों को 13,690 रुपये, अर्धकुशल श्रमिकों को 15,059 रुपये और कुशल श्रमिकों को 16,868 रुपये प्रति माह दिया जाना अनिवार्य है। ठेकेदारों को निर्देश दिए गए हैं कि वे मजदूरों के बैंक खातों में पूरा वेतन समय पर पहुंचाएं।

ऑल इंडिया सेंटर काउंसिल ट्रेड यूनियन के जिलाध्यक्ष अमर सिंह ने हिंसा के पीछे यूनियन का हाथ न होने की बात कही और स्पष्ट किया कि यह आंदोलन श्रमिकों का स्वाभाविक था। उन्होंने भरोसा जताया कि वह लोग कल से काम पर लौटेंगे।

डीएम मेधा रूपम ने सभी से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और आपसी विश्वास तथा सहयोग के साथ औद्योगिक शांति बनाए रखें ताकि नोएडा की आर्थिक गतिविधियाँ सुचारू रूप से जारी रह सकें।

Divya Kirti
Author: Divya Kirti

ये भी पढ़ें...

error: Content is protected !!