दिव्यकीर्ति सम्पादक-दीपक पाण्डेय, समाचार सम्पादक-विनय मिश्रा, मप्र के सभी जिलों में सम्वाददाता की आवश्यकता है। हमसे जुडने के लिए सम्पर्क करें….. नम्बर-7000181525,7000189640 या लाग इन करें www.divyakirti.com ,

यूपी हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल गिरने से 6 मजदूरों की मौत, कई मलबे में दबे

यूपी : हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल गिरने से 6 मजदूरों की मौत, कई मलबे में दबे

हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। जिले के लालपुर थाना क्षेत्र के मोराकंदर और कुरारा मवाईजार को जोड़ने वाले निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा गिर गया। इस हादसे में छह मजदूरों की मौत हो गई है जबकि कई अन्य मजदूर मलबे में फंसे होने की आशंका है। पुलिस और स्थानीय लोग मिलकर मौके पर बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।

28 मई की मध्यरात्रि लगभग 2 बजे इस घटना की जानकारी मिली। हमीरपुर के एएसपी अरविंद कुमार वर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल तुरंत पहुंच गए। उन्होंने कहा कि स्लैब गिरने से कुछ मजदूर मलबे में दब गए हैं। फिलहाल तीन लोग पुल के खंभे पर फंसे हुए हैं, जिन्हें एसडीआरएफ की टीम बचाने का प्रयास कर रही है। मलबे के नीचे दबे छह मजदूरों में से पांच की पहचान हो चुकी है।

बताया जा रहा है कि बेतवा नदी पर बन रहे इस पुल का निर्माण राज्यसभा सांसद बाबूराम निषाद के प्रयासों से कराया जा रहा था। हादसे के समय कई मजदूर पुल के नीचे सो रहे थे, जिन्हें मलबे ने दबा दिया। मृतकों में बांदा और हमीरपुर के स्थानीय मजदूर शामिल हैं।

अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों का निरीक्षण किया है। प्रशासन की प्राथमिकता फंसे हुए मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने पर है। इस बीच हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए विशेषज्ञ तकनीकी टीम को भी बुलाया जा रहा है ताकि पुल के निर्माण और गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी है या नहीं, इसका पता लगाया जा सके।

स्थानीय लोग, पुलिस और प्रशासन के उच्च अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं और राहत कार्य युद्धस्तर पर जारी है। मृतकों और घायलों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचना दी जा रही है। हादसे की जांच के बाद ही आगे कदम उठाए जाएंगे। प्रशासन ने सभी को संयम और सहयोग करने की अपील की है।

Source

Divya Kirti
Author: Divya Kirti

ये भी पढ़ें...

error: Content is protected !!