दिव्यकीर्ति सम्पादक-दीपक पाण्डेय, समाचार सम्पादक-विनय मिश्रा, मप्र के सभी जिलों में सम्वाददाता की आवश्यकता है। हमसे जुडने के लिए सम्पर्क करें….. नम्बर-7000181525,7000189640 या लाग इन करें www.divyakirti.com ,

सेवा, सुशासन, सुरक्षा और विश्वास के पुनर्जागरण की गौरवगाथा: सीएम योगी-धामी ने मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को सराहा

'सेवा, सुशासन, सुरक्षा और विश्वास के पुनर्जागरण की गौरवगाथा', सीएम योगी-धामी ने मोदी सरकार के 12 साल को सराहा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों को गरीब, वंचित और अंतिम पंक्ति के व्यक्ति के जीवन में सम्मान, सुरक्षा और आत्मविश्वास के पुनर्जागरण का स्वर्णिम काल बताया। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यह अवधि केवल योजनाओं के क्रियान्वयन की नहीं, बल्कि उन करोड़ों परिवारों के सशक्तिकरण की कहानी है, जिन्हें पहली बार शासन की संवेदनशीलता और विकास का प्रत्यक्ष लाभ मिला है।

योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री के कार्यकाल में संचालित जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत अभियान जैसी जनकल्याणकारी पहलों का विस्तार से उल्लेख करते हुए बताया कि इन सभी योजनाओं ने गरीब वर्ग के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाए हैं और ‘‘अंत्योदय से विकसित भारत’’ के संकल्प को मूर्त रूप दिया है। उन्होंने कहा कि जनधन योजना ने बैंकिंग सेवाएं गरीबों तक पहुंचाईं, उज्ज्वला योजना ने घरेलू महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाई, स्वच्छ भारत मिशन ने स्वच्छता के महत्व को सुनिश्चित किया, जल जीवन मिशन ने ग्रामीण इलाकों में स्वच्छ पानी उपलब्ध कराया और प्रधानमंत्री आवास योजना ने लाखों परिवारों को पक्के आवास दिए।

मुख्यमंत्री योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब-कल्याण के 12 वर्षों ने भारत के करोड़ों वंचित परिवारों के जीवन में सम्मान, सुरक्षा और विश्वास के पुनर्जागरण की गौरवगाथा लिखी है। इस दौरान गरीब कल्याण केवल शासन की प्राथमिकता ही नहीं, बल्कि उसका संस्कार भी बना है। समाज के अंतिम वर्ग तक विकास की किरणें पहुंचाने का कार्य अधिक प्रभावशाली ढंग से हुआ।” उन्होंने यह भी बताया कि आयुष्मान भारत योजना ने स्वास्थ्य सुरक्षा में उत्कृष्ट योगदान दिया है जबकि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं ने करोड़ों परिवारों को आत्मविश्वास प्रदान किया है।

सीएम योगी ने आगे कहा कि “यह 12 वर्षों की यात्रा सिर्फ योजनाओं की नहीं, बल्कि उन घरों की यात्रा है, जहां पहली बार सुविधाएं पहुंची और उन परिवारों की कहानी है, जिन्हें महसूस हुआ कि सरकार उनके द्वार तक पहुंची है।” यह अवधि गरीब और वंचित के जीवन में आशा, विकल्प और आत्मनिर्भरता का नया अध्याय लिखने वाली रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया कि उन्होंने राष्ट्र के अंतिम व्यक्ति के उत्थान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।

वहीं, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों को सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और विकास की नई धारा बताते हुए कहा कि ‘‘अंत्योदय के मंत्र के साथ देश में क्रांति हुई है।’’ उन्होंने बताया कि जनधन, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी पहलों ने राज्य के अंतिम व्यक्ति तक विकास और सम्मान पहुंचाने का प्रभावशाली कार्य किया है। धामी ने कहा कि उत्तराखंड में भी डबल इंजन सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में निरंतर प्रयासरत है और ‘‘विकसित भारत’’ के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

Source

Divya Kirti
Author: Divya Kirti

ये भी पढ़ें...

error: Content is protected !!