दिव्यकीर्ति सम्पादक-दीपक पाण्डेय, समाचार सम्पादक-विनय मिश्रा, मप्र के सभी जिलों में सम्वाददाता की आवश्यकता है। हमसे जुडने के लिए सम्पर्क करें….. नम्बर-7000181525,7000189640 या लाग इन करें www.divyakirti.com ,

अयोध्या में कांग्रेस नेताओं की नजरबंदी पर सियासत गरमाई, पार्टी ने भाजपा सरकार पर जताई आगाह

अयोध्या में कांग्रेस नेताओं की नजरबंदी पर सियासत तेज, पार्टी नेता बोले-डरी हुई है भाजपा सरकार

अयोध्या/नई दिल्ली। राम मंदिर दर्शन के लिए अयोध्या पहुंचे कांग्रेस नेताओं को नजरबंद किए जाने के मामले ने सियासत में जोरदार हलचल मचा दी है। कांग्रेस सांसद किशोरी लाल शर्मा, कांग्रेस नेता राजेश ठाकुर और उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने योगी सरकार और भाजपा की नीतियों पर कड़ी आपत्तियां जताई हैं।

कांग्रेस सांसद किशोरी लाल शर्मा ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने पहले ही सूचना दे दी थी कि कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल राम मंदिर दर्शन के लिए अयोध्या जाएगा। उन्होंने कहा, “इसमें कोई विवाद की बात नहीं थी। अमेठी और रायबरेली के कई नेताओं ने भी पूछा था कि क्या वे भी साथ जा सकते हैं, तो मैंने साफ तौर पर कहा कि कोई भी मंदिर जाने से नहीं रोका जा सकता।”

किशोरी लाल शर्मा ने बताया, “लेकिन मुझे यह देखकर हैरानी हुई कि अमेठी के हमारे कई कार्यकर्ताओं को उनके अपने घरों में ही नजरबंद कर दिया गया। इसका मतलब साफ है कि हमें राम मंदिर जाने से रोकने की कोशिश की गई।”

राम मंदिर से जुड़े मामलों पर उन्होंने कहा कि सनातन धर्म के धार्मिक मुद्दों पर जनता की राय लेकर ही फैसले होने चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि शंकराचार्यों और अन्य संतों को सम्मिलित कर एक व्यापक समिति बनाई जाए, जिससे हर फैसला पूरी पारदर्शिता के साथ लिया जा सके।

कांग्रेस नेता राजेश ठाकुर ने राम मंदिर चढ़ावा विवाद का उल्लेख करते हुए कहा, “जिस तरह चोरी हुई है और जिस प्रकार सीनाजोरी हो रही है, वह किसी भी दशा में स्वीकार्य नहीं है। कांग्रेस नेताओं ने भगवान राम के दरवाजे पर जाकर इस मुद्दे को उजागर करने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें नजरबंद कर दिया गया। इससे ऐसा प्रतीत होता है कि दोषियों को बचाने के प्रयास अधिक किए जा रहे हैं और पकड़ने के प्रयास कम।”

राजेश ठाकुर ने आगे कहा, “कांग्रेस नेताओं की नजरबंदी का मतलब है कि चोर चोरी के डर से डरे हुए हैं। राहुल गांधी पहले कहते थे कि ‘चौकीदार ही चोर है’; आज राम मंदिर चढ़ावा मामले ने उनकी बात को सत्य साबित कर दिया है।”

वहीं, उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “योगी सरकार डरी हुई है और उसका आत्मविश्वास टूटा हुआ है। उन्हें सत्ता जाने का डर सताने लगा है। जब अरविंद केजरीवाल, जिन्हें भाजपा ने अपनी ‘बी-टीम’ कहा था, अयोध्या आए थे, तब उन्हें पुलिस सुरक्षा दी गई थी, लेकिन कांग्रेस के 9 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को रामलला के दर्शन के लिए जाते समय नजरबंद कर दिया गया। यह स्पष्ट दर्शाता है कि सरकार डर की हालत में है।”

यह मामला उत्तर प्रदेश की सियासत में नए विवाद को जन्म दे रहा है और राम मंदिर विवाद के साथ जुड़े राजनीतिक विरोधाभासों को फिर से उजागर कर रहा है।

Source

Divya Kirti
Author: Divya Kirti

ये भी पढ़ें...

error: Content is protected !!