दिव्यकीर्ति सम्पादक-दीपक पाण्डेय, समाचार सम्पादक-विनय मिश्रा, मप्र के सभी जिलों में सम्वाददाता की आवश्यकता है। हमसे जुडने के लिए सम्पर्क करें….. नम्बर-7000181525,7000189640 या लाग इन करें www.divyakirti.com ,

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत यूपी में 12 जुलाई को लगाए जाएंगे 35 करोड़ पौधे, सीएम योगी ने की अपील

'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत यूपी में 12 जुलाई को लगेंगे 35 करोड़ पौधे, सीएम योगी ने की अपील

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ‘पौधरोपण महाभियान-2026’ को लेकर जनप्रतिनिधियों के साथ वर्चुअल संवाद किया। इस संवाद में मंत्री, सांसद, विधायक, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद व अन्य स्थानीय प्रतिनिधि जुड़े। मुख्यमंत्री ने सभी से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करने का आग्रह किया।

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में पौधरोपण अभियान एक बड़े जन आंदोलन का रूप ले चुका है। 5 जून यानी विश्व पर्यावरण दिवस पर पांच करोड़ से अधिक पौधे लगाए गए थे। पिछले नौ वर्षों में प्रदेश में 247 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं। इस वर्ष 12 जुलाई को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत एक दिन में 35 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे।

सीएम योगी ने सभी जनप्रतिनिधियों से कहा कि वे अपने क्षेत्रों में अधिकारियों और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर जल्द से जल्द पौधारोपण स्थलों का चयन करें और आवश्यक पौधों की संख्या जिला प्रशासन तथा वन विभाग को उपलब्ध कराएं ताकि समय पर सभी तैयारियां पूरी हो सकें।

उन्होंने बताया कि इस बार के अभियान में कई नए वन जैसे महर्षि चरक औषधि वन, समरस वन, समृद्धि वन, कृषि वन, ऊर्जा वन, कपि वन आदि स्थापित किए जाएंगे। साथ ही मिशन छाया, अविरल धारा पौधरोपण, सहजन भंडारा, आम भंडारा जैसे कार्यक्रम भी संचालित होंगे। मिशन छाया के तहत गर्मी से राहत देने हेतु सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर छायादार पौधे लगाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि 15 अगस्त को वंदे मातरम वाटिका, 28 अगस्त को रक्षाबंधन पर भाई-बहन पौधरोपण तथा 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ की भी शुरुआत होगी।

सीएम योगी ने गरीबों और प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को सहजन के पौधे उपलब्ध कराने की बात कही, क्योंकि यह पौधा पोषण के लिए लाभकारी है। उन्होंने पीएम किसान सम्मान निधि के लाभार्थियों को भी अभियान से जोड़ने का निर्देश दिया। अमृत सरोवर, नदियों के किनारे, खाली जमीन, हाइवे-एक्सप्रेसवे के किनारे, मंडी समितियों में छायादार और फलदार पेड़ लगाने पर जोर दिया। गंगा, यमुना और अन्य नदियों के तटवर्ती क्षेत्रों में भी सघन पौधरोपण होगा।

सीएम ने पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड लगाने पर विशेष जोर दिया और कहा कि नौ वर्ष पहले वन विभाग के पास पांच करोड़ पौधे भी उपलब्ध नहीं थे, लेकिन अब उनके पास 57 करोड़ से अधिक पौधे मौजूद हैं। इनमें फलदार, औषधीय, सजावटी सहित सभी प्रकार के पौधे शामिल हैं।

पर्यावरण संरक्षण को केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रीय दायित्व बताया गया। ग्लोबल वार्मिंग, प्राकृतिक आपदाओं से बचाने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपाय है। प्रधानमंत्री के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में देशवासियों को जुड़ने का आवाहन किया गया है और यूपी इस क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 72 हजार से अधिक निर्वाचित जनप्रतिनिधि शासन की सबसे बड़ी शक्ति हैं। यदि वे सक्रिय होकर अभियान में जुड़ेंगे तो लक्ष्य पूरा करना आसान होगा तथा यह अभियान जनआंदोलन बन जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि पौधरोपण केवल पौधा लगाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उसकी सुरक्षा और संवर्धन के भी सख्त प्रबंध होने चाहिए। नियमित सिंचाई, गुड़ाई और सुरक्षा व्यवस्था महत्वपूर्ण है क्योंकि सुरक्षित पौधा भविष्य में बड़ा वृक्ष बनकर पर्यावरण की रक्षा करेगा।

सीएम योगी ने सुझाव दिया कि सार्वजनिक स्थानों पर आम, जामुन, पीपल, बरगद, नीम जैसे पर्यावरण एवं जैव विविधता के लिए उपयोगी वृक्ष लगाए जाएं। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक एवं जनजागरूकता अभियान आयोजित कर लोगों में पर्यावरण संरक्षण का उत्साह बढ़ाया जाए।

उन्होंने वृक्षारोपण कार्यक्रम की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी की अपलोडिंग वन विभाग के मोबाइल ऐप पर अनिवार्य करने का निर्देश भी दिया ताकि अभियान की पारदर्शिता बढ़े और अच्छे अभियान प्रदेश समाज को डिजिटल, सोशल, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से दिखाए जा सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हर आयोजन स्थल पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का बैनर लगाया जाए ताकि अधिक से अधिक लोग इस पहल से जुड़ने के लिए प्रेरित हों और वृक्षारोपण अभियान जन आंदोलन का स्वरूप ग्रहण कर सके।

Source

Divya Kirti
Author: Divya Kirti

ये भी पढ़ें...

error: Content is protected !!