दिव्यकीर्ति सम्पादक-दीपक पाण्डेय, समाचार सम्पादक-विनय मिश्रा, मप्र के सभी जिलों में सम्वाददाता की आवश्यकता है। हमसे जुडने के लिए सम्पर्क करें….. नम्बर-7000181525,7000189640 या लाग इन करें www.divyakirti.com ,

28 साल बाद कानून के शिकंजे में आया ‘डॉ. झटका’, हरियाणा पुलिसकर्मी की हत्या का आरोपी मध्य प्रदेश में बदल चुका था पहचान

नई दिल्ली

करीब तीन दशक तक पुलिस की आंखों में धूल झोंकने वाला हरियाणा पुलिसकर्मी की हत्या का आरोपी राजिंदर बैरागी उर्फ ‘डॉ. झटका’ आखिरकार गिरफ्तार हो गया। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने उसे मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले के मुंगावली से दबोचा। आरोपी पिछले 28 वर्षों से फरार था और अदालत उसे भगोड़ा घोषित कर चुकी थी।

पुलिस के अनुसार, फरार होने के बाद उसने अपना नाम बदलकर राजिंदर सिंह यादव रख लिया था। नई पहचान के साथ उसने वर्ष 2003 में शादी की और मुंगावली में झोलाछाप डॉक्टर के रूप में काम करने लगा। स्थानीय लोगों के बीच इलाज करने के कारण वह ‘डॉ. झटका’ के नाम से मशहूर हो गया था।

दिल्ली पुलिस के डीसीपी (क्राइम ब्रांच) के अनुसार, जनकपुरी थाने के वर्ष 1997 के दो पुराने मामलों की दोबारा जांच के दौरान आरोपी के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसके बाद सर्विलांस और तकनीकी निगरानी के जरिए उसकी लोकेशन ट्रेस की गई। पुलिस टीम ने पांच अगस्त को मध्य प्रदेश पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में करीब 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, पुलिस हिरासत से हथकड़ी सहित फरार होने और अन्य गंभीर अपराध शामिल हैं। वर्ष 2008 में रोहिणी कोर्ट ने दो मामलों में उसे भगोड़ा घोषित किया था।

पुलिस पूछताछ में यह भी पता चला कि राजिंदर बैरागी पहले कबड्डी खिलाड़ी था। बाद में वह अपराधियों के संपर्क में आया और अपराध की दुनिया में सक्रिय हो गया। वर्ष 1998 में सोनीपत में एक शादी समारोह के दौरान हुए विवाद के बाद हरियाणा पुलिसकर्मी की हत्या के मामले में उसका नाम सामने आया। इसके बाद वह लगातार फरार रहा।

फिलहाल आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लाया गया है। क्राइम ब्रांच उससे पूछताछ कर रही है ताकि उसके पुराने मामलों, फर्जी दस्तावेजों और संभावित सहयोगियों के बारे में और जानकारी जुटाई जा सके।

Divya Kirti
Author: Divya Kirti

ये भी पढ़ें...

error: Content is protected !!