दिव्यकीर्ति सम्पादक-दीपक पाण्डेय, समाचार सम्पादक-विनय मिश्रा, मप्र के सभी जिलों में सम्वाददाता की आवश्यकता है। हमसे जुडने के लिए सम्पर्क करें….. नम्बर-7000181525,7000189640 या लाग इन करें www.divyakirti.com ,

मिशन यूपी के ‘कैप्टन’ बने विनोद तावड़े, 2027 में कमल खिलाने के लिए BJP ने कसी कमर

लखनऊ, उत्तर प्रदेश

भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देने के लिए संगठन में बड़ा बदलाव किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश, पंजाब और गुजरात के लिए नए प्रदेश प्रभारियों की घोषणा की। राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ जगदीश ईश्वरभाई पटेल को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।

विनोद तावड़े के सामने उत्तर प्रदेश में पार्टी संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए चुनावी रणनीति तैयार करने की बड़ी चुनौती होगी। उत्तर प्रदेश भाजपा के लिए बेहद महत्वपूर्ण राज्य है। विधानसभा चुनाव के साथ-साथ लोकसभा चुनाव में भी प्रदेश के नतीजे राष्ट्रीय राजनीति पर सीधा असर डालते हैं।

भाजपा ने 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में सरकार बनाई थी। हालांकि 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन में गिरावट आई और विपक्षी दलों ने कई महत्वपूर्ण सीटों पर बढ़त हासिल की। ऐसे में भाजपा अब संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और चुनावी समीकरणों को दोबारा अपने पक्ष में करने की कोशिश में जुटी है।

विनोद तावड़े को संगठन और चुनाव प्रबंधन का अनुभव रखने वाला नेता माना जाता है। इससे पहले वह बिहार में पार्टी की चुनावी रणनीति से जुड़े रहे हैं। अब उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी मिलने के बाद उनकी भूमिका पार्टी के लिए काफी अहम हो गई है।

भाजपा की नई रणनीति में संगठन, बूथ स्तर की तैयारी, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय और चुनावी मुद्दों को प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाना प्रमुख चुनौती होगी। 2027 का चुनाव पार्टी के लिए उत्तर प्रदेश में सत्ता बरकरार रखने की अगली बड़ी परीक्षा माना जा रहा है।

ये भी पढ़ें...

error: Content is protected !!