दिव्यकीर्ति सम्पादक-दीपक पाण्डेय, समाचार सम्पादक-विनय मिश्रा, मप्र के सभी जिलों में सम्वाददाता की आवश्यकता है। हमसे जुडने के लिए सम्पर्क करें….. नम्बर-7000181525,7000189640 या लाग इन करें www.divyakirti.com ,

आरा में सेवानिवृत्त कस्टम अधिकारी की हत्या: दमदम एयरपोर्ट से मुख्य आरोपित चंदन सिंह गिरफ्तार

आरा, बिहार। भोजपुर जिले के आरा में सेवानिवृत्त कस्टम अधिकारी रामकुमार सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित चंदन सिंह और उसके साथी अभिषेक यादव को पश्चिम बंगाल के दमदम एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया है। वहीं, तीसरे आरोपित टीपू सिंह को आरा से पकड़ा गया है। पुलिस के अनुसार, हत्याकांड के पीछे जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद था। मामले में शामिल तीन शूटरों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी है।

पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने बुधवार को बताया कि रामकुमार सिंह की हत्या 15 अक्टूबर की सुबह आरा के नवादा थाना क्षेत्र के कनकपुरी मोहल्ले में की गई थी। घटना के बाद आरोपितों को पकड़ने के लिए विशेष जांच टीम (एसआइटी) बनाई गई थी। पुलिस ने पटना एसटीएफ की मदद से बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कार्रवाई की।

पुलिस जांच के अनुसार, मुख्य आरोपित चंदन सिंह और अभिषेक यादव सिलीगुड़ी तथा गंगटोक के होटलों में नाम बदलकर छिपे हुए थे। पुलिस की कार्रवाई तेज होने पर दोनों हवाई जहाज से पश्चिम बंगाल चले गए। इसके बाद दमदम एयरपोर्ट पर तलाशी अभियान चलाकर उन्हें गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के दौरान दोनों अपनी पहचान छिपाने की कोशिश कर रहे थे।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या की साजिश करीब 20 दिन पहले रची गई थी। सिंगही गांव की जमीन पर रामकुमार सिंह का वर्ष 2006 से कब्जा बताया गया है। पुलिस का आरोप है कि जमीन विवाद के कारण चंदन सिंह ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई थी। पूछताछ में शूटरों को सुपारी देकर बुलाने की बात भी सामने आई है।

पुलिस के मुताबिक, वारदात से पहले चंदन सिंह ने अपने बैंक खाते से पांच लाख रुपये निकाले थे। उसकी पत्नी चांदनी के खाते में भी रुपये भेजे गए थे। नए मोबाइल फोन और सिम कार्ड खरीदने की जानकारी भी जांच में मिली है। पुलिस इन लेनदेन की पड़ताल कर रही है।

चंदन सिंह के घर से छापामारी के दौरान एक पिस्टल बरामद हुई है। हालांकि, हथियार का हत्या में इस्तेमाल हुआ था या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। टीपू सिंह को भी मामले की जांच में आरोपित बनाया जाएगा। इससे पहले मनोज सिंह उर्फ लक्की को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस अब तीनों शूटरों की तलाश कर रही है।

ये भी पढ़ें...

error: Content is protected !!