दिव्यकीर्ति सम्पादक-दीपक पाण्डेय, समाचार सम्पादक-विनय मिश्रा, मप्र के सभी जिलों में सम्वाददाता की आवश्यकता है। हमसे जुडने के लिए सम्पर्क करें….. नम्बर-7000181525,7000189640 या लाग इन करें www.divyakirti.com ,

भूटान में ग्लेशियर झील फटने से बाढ़ का खतरा, बंगाल में 15 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा

अलीपुरद्वार, पश्चिम बंगाल। भूटान में ग्लेशियर झील फटने के बाद पश्चिम बंगाल और असम के सीमावर्ती इलाकों में अचानक बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार जिले में संकोष नदी के किनारे रहने वाले करीब 15 हजार लोगों को एहतियातन सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। वहीं, असम के धुबरी जिले में भी प्रशासन अलर्ट पर है।

जानकारी के अनुसार, भूटान के पुनाखा क्षेत्र में गुरुवार रात करीब 8:15 बजे एक ग्लेशियर झील फट गई। इसके बाद झील का पानी संकोष नदी में पहुंचने लगा। रात के दौरान पानी तक्तसिमाखांग इलाके तक पहुंच गया, जिसके बाद भारतीय सीमावर्ती क्षेत्रों में संभावित बाढ़ को लेकर चिंता बढ़ गई।

अलीपुरद्वार प्रशासन ने नदी के किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए राहत संबंधी कदम उठाए हैं। भलका-1 और भलका-2, चेंगमारी तथा लैंड ग्राम पंचायतों के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों से लगभग 15 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। प्रशासन की ओर से प्रभावित हो सकने वाले इलाकों में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

इस घटना के बाद तक्तसिमाखांग परियोजना कार्यालय और गासा छाचू में तैनात सेना के जवानों को भी सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों और ग्राम पंचायतों को सतर्क रहने तथा परिस्थितियों के अनुसार आवश्यक कदम उठाने को कहा है।

हालांकि, राहत की बात यह है कि उपलब्ध जानकारी के अनुसार, ग्लेशियर झील फटने की इस घटना में अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। लेकिन रात में अंधेरा होने के कारण नदी में पहुंचे पानी की वास्तविक मात्रा का आकलन नहीं हो सका। ऐसे में संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतना चाहता।

अलीपुरद्वार प्रशासन ने नदी के आसपास और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। लोगों को निर्देश दिया गया है कि नदी का जलस्तर बढ़ने या किसी असामान्य स्थिति की जानकारी मिलने पर तुरंत स्थानीय प्रशासन को सूचित करें।

अलीपुरद्वार के सांसद मनोज तिग्गा ने भी बताया कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की।

फिलहाल पश्चिम बंगाल और असम के प्रभावित हो सकने वाले इलाकों में प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और संभावित बाढ़ से होने वाले नुकसान को रोकने के लिए एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।

ये भी पढ़ें...

error: Content is protected !!