दिव्यकीर्ति सम्पादक-दीपक पाण्डेय, समाचार सम्पादक-विनय मिश्रा, मप्र के सभी जिलों में सम्वाददाता की आवश्यकता है। हमसे जुडने के लिए सम्पर्क करें….. नम्बर-7000181525,7000189640 या लाग इन करें www.divyakirti.com ,

दिल्ली में इंडी गठबंधन की महारैली के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 4 हजार पुलिसकर्मी और 200 CCTV कैमरे तैनात

नई दिल्ली, दिल्ली। राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को होने वाली इंडी गठबंधन की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। रैली में आयोजकों की ओर से 10 लाख लोगों के पहुंचने का दावा किया जा रहा है, जबकि दिल्ली पुलिस को खुफिया एजेंसियों से करीब 70 हजार लोगों के आने का इनपुट मिला है। भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत करीब 4,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा। इसके अलावा रामलीला मैदान और आसपास के क्षेत्रों में 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। पुलिस ने प्रवेश और निकास द्वारों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

शनिवार दोपहर दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार और विशेष पुलिस आयुक्त (लॉ एंड ऑर्डर) देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने रामलीला मैदान पहुंचकर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रैली में आने वाले लोगों के साथ-साथ संदिग्ध व्यक्तियों और उनकी गतिविधियों पर भी विशेष नजर रखी जाए। भीड़ के प्रवेश और बाहर निकलने वाले रास्तों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी प्रकार की अफरा-तफरी की स्थिति पैदा न हो।

प्रवेश और निकास द्वारों पर रहेगी विशेष निगरानी

रैली में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने मैदान के सभी प्रमुख प्रवेश और निकास बिंदुओं पर सतर्कता बढ़ाने की योजना बनाई है। भीड़ के दबाव को नियंत्रित करने और आपात स्थिति में लोगों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

आयोजकों को भी दिए गए निर्देश

दिल्ली पुलिस ने रैली के आयोजकों को सुरक्षा व्यवस्था में पूरा सहयोग करने और कार्यक्रम के दौरान अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का पालन किया जाना चाहिए।

रविवार को होने वाली इस महारैली में कांग्रेस सहित इंडी गठबंधन के विभिन्न दलों के नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे। रैली को लेकर राजधानी में राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। आयोजकों के बड़े दावे और पुलिस के खुफिया इनपुट के बीच दिल्ली पुलिस के सामने भीड़ को व्यवस्थित रखने और सुरक्षा सुनिश्चित करने की बड़ी जिम्मेदारी है।

ये भी पढ़ें...

error: Content is protected !!