दिव्यकीर्ति सम्पादक-दीपक पाण्डेय, समाचार सम्पादक-विनय मिश्रा, मप्र के सभी जिलों में सम्वाददाता की आवश्यकता है। हमसे जुडने के लिए सम्पर्क करें….. नम्बर-7000181525,7000189640 या लाग इन करें www.divyakirti.com ,

पीएम मोदी बोले- पहले गरीबी हटाने के सिर्फ नारे लगते थे, अब 50 करोड़ लोग अत्यधिक गरीबी से बाहर निकले

मुंबई, महाराष्ट्र। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत ने पिछले 10 से 12 वर्षों में गरीबी कम करने की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने दावा किया कि इस अवधि में देश के लगभग 50 करोड़ लोग अत्यधिक गरीबी से बाहर निकले हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले गरीबी के खिलाफ लड़ाई केवल नारों तक सीमित रहती थी, लेकिन अब जमीनी स्तर पर बदलाव देखने को मिल रहा है।

 

मंगलवार को प्रधानमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पुणे मेट्रो की 23 किलोमीटर लंबी पिंक लाइन का उद्घाटन करने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने विकास, गरीबी उन्मूलन, शहरी परिवहन और बुनियादी ढांचे के विस्तार को विकसित भारत के लक्ष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया।

पीएम मोदी ने कहा कि गरीबों का सशक्तीकरण और सुशासन उनकी सरकार की प्रमुख पहचान रही है। वर्ष 2014 में एनडीए सरकार बनने के बाद शहरों में रहने वाले मध्यम वर्ग के जीवन को आसान बनाने और परिवहन सुविधाओं को बेहतर करने के उद्देश्य से काम शुरू किया गया।

उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों को पक्के मकान, शौचालय, नल से पानी और एलपीजी कनेक्शन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने से उनके जीवन में बदलाव आया है। बुनियादी ढांचे और कल्याणकारी योजनाओं में निवेश से रोजगार के अवसर भी पैदा हो रहे हैं। प्रधानमंत्री ने आर्थिक विकास और गरीबी में कमी को एक-दूसरे से जुड़ा हुआ बताया।

मेट्रो नेटवर्क में हुआ विस्तार

प्रधानमंत्री के अनुसार, वर्ष 2014 में भारत का परिचालन मेट्रो नेटवर्क 248 किलोमीटर था, जो अब बढ़कर लगभग 1,200 किलोमीटर हो चुका है। पहले केवल पांच शहरों में मेट्रो सेवा उपलब्ध थी, जबकि अब 26 शहरों में मेट्रो संचालित हो रही है। प्रतिदिन एक करोड़ से अधिक यात्री मेट्रो से सफर कर रहे हैं।

पुणे की पिंक लाइन 8,300 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार की गई है। यह हिंजेवाड़ी के आईटी हब को जिला न्यायालय मेट्रो स्टेशन से जोड़ेगी। इसकी एक विशेषता यह है कि इसका संचालन महिला कर्मचारी करेंगी।

प्रधानमंत्री ने पुणे मेट्रो के दूसरे चरण की भी आधारशिला रखी। इस परियोजना पर करीब 13,500 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसमें चार नए कॉरिडोर विकसित किए जाएंगे।

सूखा प्रभावित किसानों को सहायता का भरोसा

महाराष्ट्र में सूखे की स्थिति का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने किसानों को चिंता नहीं करने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार प्रभावित किसानों के साथ खड़ी है। साथ ही लोगों से अपील की कि त्योहार के दौरान सूखा प्रभावित किसान परिवारों का भी ध्यान रखा जाए, ताकि उनके घरों में भी दिवाली की खुशियां पहुंच सकें।

ये भी पढ़ें...

error: Content is protected !!