दिव्यकीर्ति सम्पादक-दीपक पाण्डेय, समाचार सम्पादक-विनय मिश्रा, मप्र के सभी जिलों में सम्वाददाता की आवश्यकता है। हमसे जुडने के लिए सम्पर्क करें….. नम्बर-7000181525,7000189640 या लाग इन करें www.divyakirti.com ,

सुप्रीम कोर्ट की बड़ी चेतावनी, आधिकारिक वेबसाइट जैसी दिखने वाली फर्जी साइट से रहें सावधान

नई दिल्ली, दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट की नकल कर बनाई गई फर्जी वेबसाइट को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। सुप्रीम कोर्ट रजिस्ट्री ने मंगलवार को सार्वजनिक सूचना जारी कर चेतावनी दी कि फर्जी वेबसाइट के जरिए लोगों की निजी और वित्तीय जानकारी हासिल करने की कोशिश की जा सकती है। ऐसे में किसी भी अनजान वेबसाइट पर अपनी व्यक्तिगत या बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए।

रजिस्ट्री ने विशेष रूप से एक फर्जी डोमेन scigovinjudicial.com को लेकर आगाह किया है। साथ ही स्पष्ट किया है कि सुप्रीम कोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट का पंजीकृत डोमेन sci.gov.in है। लोगों को वेबसाइट खोलने से पहले उसके सही डोमेन की जांच करने की सलाह दी गई है।

सुप्रीम कोर्ट की ओर से जारी सूचना में बताया गया कि यह चेतावनी पहले जारी किए गए सार्वजनिक नोटिसों की अगली कड़ी है। इससे पहले 16 जुलाई 2025, 28 अप्रैल 2026 और 13 अगस्त 2026 को भी इसी तरह की फर्जी वेबसाइटों को लेकर लोगों को आगाह किया गया था।

रजिस्ट्री के अनुसार, ऐसी भ्रामक वेबसाइटें आधिकारिक वेबसाइट जैसी दिखाई देती हैं। इनके जरिए लक्षित फिशिंग के माध्यम से लोगों को धोखा देने और उनकी संवेदनशील जानकारी हासिल करने का प्रयास किया जा सकता है।

इस तरह की धोखाधड़ी से बचने के लिए लोगों को किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचना चाहिए। वेबसाइट के पते की अच्छी तरह जांच करनी चाहिए और किसी अनजान प्लेटफॉर्म पर बैंक खाते, पासवर्ड या अन्य निजी जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए।

सुप्रीम कोर्ट रजिस्ट्री ने सभी संबंधित लोगों और हितधारकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। आधिकारिक वेबसाइट के नाम से आने वाले किसी भी संदिग्ध संदेश या लिंक पर भरोसा करने से पहले उसकी प्रमाणिकता जांचना जरूरी है।

ये भी पढ़ें...

error: Content is protected !!