दिव्यकीर्ति सम्पादक-दीपक पाण्डेय, समाचार सम्पादक-विनय मिश्रा, मप्र के सभी जिलों में सम्वाददाता की आवश्यकता है। हमसे जुडने के लिए सम्पर्क करें….. नम्बर-7000181525,7000189640 या लाग इन करें www.divyakirti.com ,

Mohammed Shami Retirement: मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट को कहा अलविदा, 64 मैचों में झटके 229 विकेट; 

नई दिल्ली, भारत। भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। शुक्रवार, 6 नवंबर 2026 को उन्होंने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर वीडियो साझा कर इस फैसले की जानकारी दी। शमी ने 13 साल के टेस्ट करियर को विराम देते हुए कहा कि सफेद जर्सी से विदाई ले रहे हैं, लेकिन इससे जुड़ी यादें हमेशा उनके साथ रहेंगी। हालांकि, उन्होंने सीमित ओवरों के क्रिकेट में खेलना जारी रखने की बात कही है।

36 वर्षीय शमी ने 6 नवंबर 2013 को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था। संयोग से टेस्ट करियर की शुरुआत के ठीक 13 साल बाद उन्होंने इसी तारीख को संन्यास का ऐलान किया।

भावुक संदेश में बताई संन्यास की वजह

शमी ने अपने संदेश में लिखा कि जब उन्होंने पहली बार भारत की टेस्ट जर्सी पहनी थी, तब उनका सपना देश के लिए अच्छा प्रदर्शन करना था। इस दौरान मिले विकेट, संघर्ष, चोट और वापसी के अनुभवों ने उन्हें काफी कुछ सिखाया।

उन्होंने अपने साथी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, परिवार और प्रशंसकों का धन्यवाद किया। साथ ही बीसीसीआई और बंगाल क्रिकेट संघ के प्रति भी आभार जताया। शमी ने कहा कि इन संस्थाओं ने उनकी प्रतिभा पर भरोसा किया और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर दिए।

64 टेस्ट मैचों में 229 विकेट

मोहम्मद शमी का टेस्ट करियर शानदार रहा। उन्होंने 64 मुकाबलों की 122 पारियों में कुल 229 विकेट हासिल किए। उनका गेंदबाजी औसत 27.71 और इकोनॉमी रेट 3.30 रहा। इस दौरान उन्होंने छह बार पांच विकेट लेने का कारनामा किया।

शमी ने अपना आखिरी टेस्ट मैच जून 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ द ओवल में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के दौरान खेला था।

घरेलू क्रिकेट में जारी है शानदार प्रदर्शन

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद से शमी भारतीय टीम का हिस्सा नहीं रहे हैं। हालांकि, घरेलू क्रिकेट में वह लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। मौजूदा रणजी सत्र में उन्होंने तीन मुकाबलों में 14 विकेट लिए हैं। केरल और दिल्ली के खिलाफ उन्होंने पांच-पांच विकेट हासिल किए।

शुक्रवार को ही उन्हें सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए बंगाल की टीम में शामिल किया गया। टेस्ट क्रिकेट से विदाई के बावजूद शमी सीमित ओवरों के प्रारूप में अपना क्रिकेट सफर जारी रखेंगे।

ये भी पढ़ें...

error: Content is protected !!