दिव्यकीर्ति सम्पादक-दीपक पाण्डेय, समाचार सम्पादक-विनय मिश्रा, मप्र के सभी जिलों में सम्वाददाता की आवश्यकता है। हमसे जुडने के लिए सम्पर्क करें….. नम्बर-7000181525,7000189640 या लाग इन करें www.divyakirti.com ,

दिल्ली के मुस्तफाबाद में मतदाता सूची से फर्जी तरीके से काटे 36 नाम, तीन जीवित लोगों को बताया मृत

नई दिल्ली, दिल्ली। राजधानी दिल्ली के मुस्तफाबाद विधानसभा क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मतदाता सूची से नाम हटाने में कथित फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। आरोप है कि भाजपा के एक बूथ लेवल एजेंट (BLA) ने 37 मतदाताओं के नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 जमा किए थे। जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की जांच में इनमें से 36 आवेदन फर्जी पाए गए हैं।

मामले में भाजपा के बीएलए चंद्रशेखर नैनवाल पर आरोप लगाया गया है। जांच के दौरान सामने आया कि आवेदन में तीन ऐसे मतदाताओं को मृत बताया गया था, जबकि सत्यापन में तीनों जीवित पाए गए।

33 मतदाताओं के स्थानांतरण का दावा भी गलत

जांच में यह भी सामने आया कि बाकी 33 मतदाताओं के नाम हटाने के लिए दावा किया गया था कि वे अपने पंजीकृत पते पर नहीं रहते और दूसरी जगह स्थानांतरित हो चुके हैं। हालांकि, अधिकारियों की ओर से कराए गए सत्यापन में ये सभी मतदाता अपने पंजीकृत पते पर ही मिले।

इस तरह कुल 36 आवेदनों में दी गई जानकारी गलत पाई गई। इसके बाद जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने संबंधित बीएलए के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए पुलिस को लिखित शिकायत भेजी है।

विधायक ने अधिकारियों पर उठाए सवाल

इस मामले को लेकर मुस्तफाबाद के विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने इसे अधिकारियों की लापरवाही बताते हुए बीएलए को फंसाने का आरोप लगाया है।

विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन की प्रक्रिया चल रही है। ऐसे में मुस्तफाबाद में सामने आया यह मामला मतदाता सूची के सत्यापन और आवेदन प्रक्रिया को लेकर चर्चा में आ गया है।

ये भी पढ़ें...

error: Content is protected !!