दिव्यकीर्ति सम्पादक-दीपक पाण्डेय, समाचार सम्पादक-विनय मिश्रा, मप्र के सभी जिलों में सम्वाददाता की आवश्यकता है। हमसे जुडने के लिए सम्पर्क करें….. नम्बर-7000181525,7000189640 या लाग इन करें www.divyakirti.com ,

दीपावली की आतिशबाजी बनी जानलेवा, देशभर में 24 लोगों की मौत; दिल्ली में 300 से अधिक घायल

नई दिल्ली, दिल्ली। दीपावली के त्योहार पर देशभर में आतिशबाजी और आग लगने की घटनाओं ने खुशियों को मातम में बदल दिया। पटाखों से लगी आग और हादसों में 24 लोगों की मौत हो गई, जबकि बड़ी संख्या में लोग घायल हुए। सबसे दर्दनाक घटनाएं मध्य प्रदेश के कटनी और सिवनी जिलों में सामने आईं, जहां दो कारोबारियों के घरों में आग लगने से 12 लोगों की जान चली गई। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। वहीं, दिल्ली में पटाखों से झुलसने और घायल होने के करीब 300 मामले सामने आए।

मध्य प्रदेश में दो परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

कटनी जिले के बरही कस्बे में कारोबारी पूरन अग्रवाल के तीन मंजिला मकान में रविवार की मध्य रात्रि के बाद आग लग गई। मकान के पहले तल पर स्थित क्राकरी की दुकान से शुरू हुई आग ने पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दो माह के बच्चे सहित छह लोगों की मौत हो गई।

सिवनी जिले के छपारा कस्बे में सराफा कारोबारी कुंदन लाल सोनी के घर सोमवार तड़के करीब चार बजे आग लग गई। इस घटना में छह लोगों की मौत हुई, जबकि चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

दिल्ली में अस्पतालों में लगी भीड़

पटाखों से झुलसे लोगों के पहुंचने के कारण दिल्ली के अस्पतालों में मरीजों की भीड़ रही। सफदरजंग अस्पताल में 135, एम्स में 42 और आकाश हेल्थकेयर में 15 मरीज पहुंचे। एम्स में 11 मरीज गंभीर रूप से झुलसे और पांच की सर्जरी करनी पड़ी।

कई राज्यों में हुई मौतें

उत्तर प्रदेश में पटाखों से जुड़े अलग-अलग हादसों में तीन बच्चों की मौत हुई। पंजाब और राजस्थान में दो-दो लोगों की जान गई। उत्तराखंड, हरियाणा, बिहार और ओडिशा में भी एक-एक व्यक्ति की मौत हुई।

कानपुर में पटाखे से लगी आग के कारण कारखाने और दुकानों में एक करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ। वहीं जम्मू की अनाज मंडी में आग से सात दुकानें और गोदाम जलकर राख हो गए। इन घटनाओं ने त्योहार के दौरान आतिशबाजी से होने वाले खतरों को एक बार फिर उजागर कर दिया।

ये भी पढ़ें...

error: Content is protected !!