दिव्यकीर्ति सम्पादक-दीपक पाण्डेय, समाचार सम्पादक-विनय मिश्रा, मप्र के सभी जिलों में सम्वाददाता की आवश्यकता है। हमसे जुडने के लिए सम्पर्क करें….. नम्बर-7000181525,7000189640 या लाग इन करें www.divyakirti.com ,

केरल में प्रेम संबंध बना हत्या की साजिश की वजह, 19 साल की युवती ने पांच दोस्तों के साथ रची खौफनाक योजना

मलप्पुरम, केरल। केरल के मलप्पुरम जिले से प्रेम संबंध को लेकर एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां 19 वर्षीय युवती ने अपने प्रेमी से पीछा छुड़ाने के लिए उसकी हत्या की योजना बना डाली। इसके लिए उसने अपनी दो सहेलियों और दो युवकों की मदद ली। आरोपियों ने पहले युवक को मिलने के बहाने बुलाया, फिर उसका अपहरण कर जमकर पिटाई की और मोबाइल फोन लूट लिया। वारदात के बाद आरोपी उसे मरा समझकर नदी किनारे छोड़कर भाग गए। हालांकि, युवक की जान बच गई और पुलिस ने मामले में पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी सफाना पलक्कड़ जिले के पट्टाम्बी की रहने वाली है। उसने अपने प्रेमी को रास्ते से हटाने के लिए तिरूर की नादिया (20) और रबीबा (25) के साथ मिलकर योजना तैयार की। इस साजिश में इरशाद (28) और अजहरुद्दीन (25) नाम के दो युवक भी शामिल थे। पुलिस के मुताबिक, दोनों पुरुष आरोपियों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वे हिस्ट्रीशीटर हैं।

मुलाकात के नाम पर बुलाकर किया अपहरण

योजना के मुताबिक, युवक को देर रात तिरूर आने के लिए कहा गया। उसे भरोसा दिलाया गया कि वहां उसकी मुलाकात सफाना से होगी। इसके बाद एक आरोपी युवक को बाइक पर बैठाकर सुनसान जगह ले गया। वहां पहले से मौजूद अन्य लोगों ने उसे जबरन कार में बैठा लिया। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उसका मोबाइल फोन छीन लिया।

गंभीर हालत में नदी किनारे छोड़कर हुए फरार

हमले के दौरान आरोपियों ने युवक को इतनी बुरी तरह पीटा कि उन्हें लगा उसकी मौत हो चुकी है। इसके बाद आधी रात को उसे थाझेपालम नदी के किनारे सड़क पर फेंक दिया गया। आरोपी उसे मृत समझकर वहां से निकल गए। लेकिन घायल युवक ने किसी तरह खुद को संभाला और पुलिस से संपर्क कर घटना की जानकारी दी।

बुधवार तड़के पुलिस ने की गिरफ्तारी

सूचना मिलते ही तिरूर पुलिस हरकत में आई। इंस्पेक्टर जलील करुथेदथ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच और तलाशी अभियान चलाया। इसके बाद बुधवार तड़के थाझेपालम के पास से सफाना समेत सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को तिरूर मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया। अदालत ने सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इस मामले में पुलिस आरोपियों की भूमिका और पूरी साजिश से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं, समय रहते पुलिस तक पहुंचने के कारण घायल युवक की जान बच सकी।

ये भी पढ़ें...

error: Content is protected !!