दिव्यकीर्ति सम्पादक-दीपक पाण्डेय, समाचार सम्पादक-विनय मिश्रा, मप्र के सभी जिलों में सम्वाददाता की आवश्यकता है। हमसे जुडने के लिए सम्पर्क करें….. नम्बर-7000181525,7000189640 या लाग इन करें www.divyakirti.com ,

पश्चिम एशिया के युद्ध के बीच भारत की ऊर्जा सुरक्षा पर बोले पीएम मोदी, कर्नाटक को मिली 15,600 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात

बेंगलुरु, कर्नाटक। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की ऊर्जा सुरक्षा को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में ऊर्जा क्षेत्र में किए गए प्रयासों से देश की स्थिति मजबूत हुई है। इसी वजह से ईरान और खाड़ी क्षेत्र में चल रहे संघर्ष से पैदा हुई चुनौतियों का भारत आत्मविश्वास के साथ सामना कर रहा है। प्रधानमंत्री शुक्रवार को बेंगलुरु में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कर्नाटक में 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मौजूदा अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों ने ऊर्जा सुरक्षा की अहमियत को स्पष्ट कर दिया है। भारत ने बीते वर्षों में अपनी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ऊर्जा उत्पादन और भंडारण की क्षमता बढ़ाने पर ध्यान दिया है। पेट्रोल, डीजल और एलपीजी के घरेलू उत्पादन में वृद्धि, कच्चे तेल के भंडारण केंद्रों का विकास और नवीकरणीय ऊर्जा का विस्तार इसी दिशा में उठाए गए कदम हैं।

उन्होंने रेलवे के लगभग 100 प्रतिशत विद्युतीकरण और सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने को भी ऊर्जा सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण प्रयास बताया।

एलपीजी भंडारण क्षमता में 80 हजार मीट्रिक टन की बढ़ोतरी

कर्नाटक में शुरू की गई ऊर्जा परियोजनाओं का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इनसे देश की ऊर्जा व्यवस्था को अतिरिक्त मजबूती मिलेगी। मेंगलुरु की नई एलपीजी भंडारण सुविधा से देश की कुल भंडारण क्षमता में 80 हजार मीट्रिक टन की वृद्धि होगी।

वहीं, बेंगलुरु के देवांगोंथी मार्केटिंग टर्मिनल से पेट्रोल, डीजल और विमानन ईंधन की आपूर्ति को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। एक नए कंप्रेस्ड बायोगैस संयंत्र से प्रतिदिन करीब 13 टन गैस का उत्पादन किया जाएगा।

मोदी ने बताया कि भारत की नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता 300 गीगावाट से अधिक हो गई है। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत 60 लाख से अधिक परिवारों ने घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए हैं। कर्नाटक में इस योजना से करीब 40 हजार परिवार लाभान्वित हुए हैं। इसके अलावा पीएम-कुसुम योजना के तहत राज्य में आठ लाख से अधिक सौर पंप किसानों को सिंचाई में मदद कर रहे हैं।

बेंगलुरु में मेट्रो की पिंक लाइन का उद्घाटन

विकास परियोजनाओं के तहत प्रधानमंत्री ने नम्मा मेट्रो की पिंक लाइन के कलेना अग्रहार और तवरेकेरे के बीच 7.5 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड हिस्से का उद्घाटन किया। इस परियोजना पर करीब 3,470 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री ने मेट्रो में यात्रा भी की।

उन्होंने बेंगलुरु से मेंगलुरु होते हुए गोवा के मडगांव तक जाने वाली वंदे भारत ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाई। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चार रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास कार्यों का उद्घाटन किया गया। इनमें चामराजनगर, चिक्कमगलुरु, सकलेशपुर और सुब्रह्मण्य रोड स्टेशन शामिल हैं।

मैसूरु में पहले एलईडी तारामंडल का उद्घाटन

प्रधानमंत्री ने मैसूरु विश्वविद्यालय परिसर में देश का पहला एलईडी डोम तारामंडल भी राष्ट्र को समर्पित किया। इसके अलावा उन्होंने प्रशांति कुटीरम में आयोजित एस-व्यास के स्वर्ण जयंती समारोह को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने योग के अंतरराष्ट्रीय विस्तार और पिछले वर्षों में इसे लोकप्रिय बनाने के लिए किए गए प्रयासों का उल्लेख किया।

कर्नाटक में शुरू की गई इन परियोजनाओं का संबंध ऊर्जा, रेलवे, शहरी परिवहन, विज्ञान और अनुसंधान जैसे क्षेत्रों से है।

ये भी पढ़ें...

error: Content is protected !!