दिव्यकीर्ति सम्पादक-दीपक पाण्डेय, समाचार सम्पादक-विनय मिश्रा, मप्र के सभी जिलों में सम्वाददाता की आवश्यकता है। हमसे जुडने के लिए सम्पर्क करें….. नम्बर-7000181525,7000189640 या लाग इन करें www.divyakirti.com ,

DGFT का बड़ा फैसला, 2.15 लाख टन से अधिक कच्ची चीनी का आयात कोटा दोबारा खुला, जानें आवेदन की शर्तें

नई दिल्ली, दिल्ली। देश में चीनी की आपूर्ति बनाए रखने और बाजार में कीमतों को नियंत्रित करने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने कच्ची चीनी के आयात को लेकर महत्वपूर्ण कदम उठाया है। विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) ने टैरिफ रेट कोटा योजना के तहत बची हुई 2,15,043.859 टन कच्ची चीनी के शुल्क-मुक्त आयात के लिए आवेदन विंडो दोबारा खोल दी है। चीनी मिलें और रिफाइनर 27 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे।

पहले 10 लाख टन आयात की दी गई थी मंजूरी

डीजीएफटी ने 20 अगस्त 2026 की अधिसूचना संख्या 31/2026-2027 के तहत कुल 10 लाख टन कच्ची चीनी के आयात की अनुमति दी थी। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के माध्यम से 8,12,450 टन चीनी का कोटा आवंटित किया गया। हालांकि, आवंटन के बाद कुछ इकाइयों ने अपनी निर्धारित मात्रा वापस कर दी।

दोबारा आवंटन के लिए कितना कोटा उपलब्ध?

विभाग के मुताबिक, पहले आवंटित कोटे में से 27,493.859 टन चीनी संबंधित आवंटियों ने वापस कर दी। इसके अलावा 1,87,550 टन चीनी का आवंटन नहीं हुआ था। दोनों को मिलाकर 2,15,043.859 टन कच्ची चीनी का कोटा फिर उपलब्ध कराया गया है।

केवल पात्र मिलें और रिफाइनर कर सकेंगे आवेदन

डीजीएफटी ने स्पष्ट किया है कि इस सुविधा का लाभ केवल उन चीनी मिलों और रिफाइनरों को मिलेगा, जिनके पास कच्ची चीनी को सफेद या रिफाइंड चीनी में बदलने की अपनी प्रसंस्करण व्यवस्था मौजूद है। बिना आवश्यक प्रसंस्करण क्षमता वाली इकाइयां इस योजना के तहत पात्र नहीं होंगी।

ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया

इच्छुक इकाइयों को डीजीएफटी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आयात प्रबंधन प्रणाली के टीआरक्यू अनुभाग में आवेदन करना होगा। विभाग ने कहा है कि आवेदन से जुड़ी पुरानी पात्रता शर्तों और दस्तावेज संबंधी नियमों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

31 दिसंबर तक आयात की अनुमति

इससे पहले 19 अक्टूबर 2026 को जारी अधिसूचना के जरिए चीनी आयात की समयसीमा 31 दिसंबर तक बढ़ाई गई थी। नई आवेदन विंडो इसी व्यवस्था के तहत खोली गई है। सरकार के इस कदम से पात्र आयातकों को बचा हुआ कोटा हासिल करने का अवसर मिलेगा।

ये भी पढ़ें...

error: Content is protected !!