शहर और आसपास के इलाकों में मंगलवार की सुबह अचानक छाए बादलों ने लोगों को लगातार बढ़ रहे तापमान से कुछ पल की राहत दिलाई। हालांकि यह राहत ज्यादा देर तक टिक नहीं पाई। दोपहर करीब 12 बजे से आसमान साफ हो गया और तीखी धूप ने अपना रुख दिखाना शुरू कर दिया, जिससे दिनभर मौसम में तल्खी और गर्मी का अहसास बढ़ गया।

मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस पर रहा। वहीं, हवा में नमी का स्तर 54 प्रतिशत बना हुआ है, जिसने गर्मी के अहसास को और बढ़ा दिया। इसकी तुलना में सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

यह आंकड़े स्पष्ट संकेत दे रहे हैं कि तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार तापमान में यह बढ़ोतरी आने वाले दिनों में भी जारी रहने की संभावना है। अगले हफ्ते तक शहर का अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जो इस बात का संकेत है कि गर्मी ने धीरे-धीरे दस्तक देना शुरू कर दिया है।

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कम हो रहा है और उत्तर-पश्चिमी हवाओं का रुख बदल रहा है। इसके चलते आसमान साफ है और सूर्य की किरणें सीधे पृथ्वी की सतह पर पड़ रही हैं, जिससे दिन का तापमान तेजी से बढ़ रहा है। रात के तापमान में भी हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।

अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क और साफ रहने का अनुमान है और बादल छाए रहने की संभावना नहीं है। वहीं तेजी से बदलते मौसम ने लोगों की दिनचर्या को प्रभावित किया है। सुबह के समय हल्की ठंडक के बाद दोपहर में अचानक बढ़ती गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया है। बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर दोपहर के समय भीड़ कम नजर आई, जबकि सुबह के समय लोग हल्की धूप का आनंद लेते दिखे।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक तापमान में यह वृद्धि मार्च के अंत तक जारी रह सकती है। फिलहाल कोई नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं है, जिससे वर्षा की संभावना नहीं है। ऐसे में दिन का तापमान लगातार बढ़ेगा और रात का तापमान भी सामान्य से अधिक बना रह सकता है।

इस बदलाव का असर कृषि पर भी पड़ सकता है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे फसलों विशेषकर गेहूं की सिंचाई का विशेष ध्यान रखें, क्योंकि बढ़ते तापमान और शुष्क मौसम के कारण नमी की कमी हो सकती है। वहीं डाक्टरों ने लोगों को सलाह दी है कि बढ़ते तापमान के साथ-साथ डिहाइड्रेशन और त्वचा संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है।

ऐसे में तरल पदार्थों का अधिक सेवन करने के अलावा बाहर का बना खाना न खाएं। मंगलवार को मिली छोटी सी बादलों की राहत के बाद तेज धूप और बढ़ता तापमान आने वाले गर्म दिनों का संकेत दे रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले हफ्ते में तापमान और बढ़ सकता है। ऐसे में मौसम के इस बदलाव के प्रति सजग रहना और स्वास्थ्य संबंधी सभी आवश्यक सावधानियां बरतना आवश्यक हो गया है।