दिव्यकीर्ति सम्पादक-दीपक पाण्डेय, समाचार सम्पादक-विनय मिश्रा, मप्र के सभी जिलों में सम्वाददाता की आवश्यकता है। हमसे जुडने के लिए सम्पर्क करें….. नम्बर-7000181525,7000189640 या लाग इन करें www.divyakirti.com ,

पंजाब चुनाव 2027: कांग्रेस की 40 सीटों पर बढ़ी चिंता, दिग्गज नेताओं के परिजन भी टिकट की दौड़ में

चंडीगढ़, पंजाब। पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस के भीतर टिकट वितरण की प्रक्रिया तेज हो गई है। राज्य की 117 विधानसभा सीटों में से करीब 40 सीटों पर पार्टी को मजबूत उम्मीदवारों की तलाश है। इन क्षेत्रों में चुनावी मुकाबले को चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है। दूसरी तरफ टिकट के दावेदारों की संख्या अधिक होने से पार्टी नेतृत्व के सामने उम्मीदवारों का चयन आसान नहीं होगा।

कांग्रेस ने उम्मीदवारों की छंटनी के लिए तीन सदस्यीय स्क्रीनिंग कमेटी गठित की है। डॉ. सिरिवेल्ला प्रसाद को इसका अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि सचिन सावंत और निवेदित अल्वा सदस्य हैं। यह कमेटी संभावित उम्मीदवारों की समीक्षा कर अपनी सिफारिश केंद्रीय नेतृत्व को सौंपेगी।

70 से अधिक सीटों पर सर्वे पूरा

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, पंजाब की 70 से अधिक विधानसभा सीटों पर फीडबैक सर्वेक्षण पूरा हो चुका है। निजी एजेंसियां संभावित उम्मीदवारों की स्थानीय लोकप्रियता, संगठनात्मक सक्रियता और मतदाताओं के बीच स्वीकार्यता का आकलन कर रही हैं। उम्मीदवारों से जुड़े विवादों और कार्यकर्ताओं के साथ उनके संबंधों पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

वरिष्ठ नेताओं के परिजनों की दावेदारी

टिकट वितरण में परिवारवाद का सवाल भी सामने आ रहा है। सूत्रों के अनुसार राणा गुरजीत सिंह, तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा, सुखजिंदर सिंह रंधावा, चरणजीत सिंह चन्नी, मदन लाल जलालपुर और अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग अपने परिजनों के लिए टिकट की पैरवी कर रहे हैं। कुछ मौजूदा सांसद भी विधानसभा चुनाव लड़ने के इच्छुक बताए जा रहे हैं।

युवाओं को 50 प्रतिशत टिकट देने पर विचार

कांग्रेस नेतृत्व युवा उम्मीदवारों की भागीदारी बढ़ाना चाहता है। करीब आधे टिकट युवाओं को देने की मंशा जताई गई है। हालांकि सर्वेक्षण में उम्मीदवार की स्थिति और स्थानीय समर्थन को महत्वपूर्ण माना जाएगा। जरूरत पड़ने पर उम्र संबंधी प्राथमिकता में बदलाव भी संभव है।

इन सीटों पर विशेष मंथन

जालंधर वेस्ट, फिल्लौर, होशियारपुर, चब्बेवाल, बटाला, मजीठा, अटारी, तरनतारन, बरनाला, मानसा, अबोहर और दिरबा सहित कई क्षेत्रों में उम्मीदवारों को लेकर विशेष चर्चा चल रही है। अंतिम फैसला पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति करेगी।

ये भी पढ़ें...

error: Content is protected !!